शुभेंदु अधिकारी बहुत परिश्रमी छात्र थे: शिक्षक ने कहा
शुभेंदु अधिकारी बहुत परिश्रमी छात्र थे: शिक्षक ने कहा
कोलकाता, नौ मई (भाषा) पूर्वी मेदिनीपुर जिले में कोंटाई के सेवानिवृत्त शिक्षक हिमांशु माजी ने कहा कि पश्चिम बंगाल के नए मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी एक परिश्रमी छात्र थे और आज उन्हें राज्य की पहली भाजपा सरकार का नेतृत्व करते हुए देखकर गर्व महसूस हो रहा है।
माजी ने बताया कि शुभेंदु कोंटाई प्रभात कुमार कॉलेज में वाणिज्य के छात्र थे और वहां छात्रसंघ के सांस्कृतिक सचिव थे।
शिक्षक ने गर्व से कहा, ‘‘कक्षाओं में उपस्थित होने के अलावा शुभेंदु मुझसे निजी ट्यूशन भी लेते थे। वह बहुत मेहनती थे।’’
उन्होंने कहा कि शुभेंदु के पूरी तरह राजनीति में प्रवेश करने के बाद भी उनके बीच शिक्षक-छात्र का रिश्ता बरकरार रहा।
माजी ने कहा, ‘‘नगर निकाय चुनाव प्रचार के दौरान वह हमारे पड़ोस में आए तो मेरे घर भी आए। अंदर आते ही उन्होंने मेरे पैर छुए और मेरा हालचाल पूछा।’’
शुभेंदु के परिवार के बारे में शिक्षक ने कहा कि मुख्यमंत्री के पिता शिशिर अधिकारी उस समय कोंटाई नगर निकाय के अध्यक्ष थे, जिनके साथ उनके सौहार्दपूर्ण संबंध थे।
माजी ने कहा, ‘‘शुभेंदु रोज रिक्शा से नगर निकाय कार्यालय जाया करते थे। जब भी वह मुझे सड़क पर देखते तो मुझे अपने साथ चलने के लिए कहते थे।’’
हालांकि, सेवानिवृत्त शिक्षक ने कहा कि एक समय ऐसा भी था जब उन्होंने शुभेंदु के शैक्षिक प्रदर्शन के बारे में चिंता व्यक्त की थी।
उन्होंने कहा, ‘‘शुभेंदु जब 11वीं कक्षा में थे तब मैंने एक या दो बार उनके पिता से उनके शैक्षणिक प्रदर्शन को लेकर शिकायत की थी। मुझे छात्र राजनीति कभी पसंद नहीं आई। एक शिक्षक के रूप में, मैं हमेशा छात्रों को पहले पढ़ाई पर ध्यान देने के लिए कहता था।’’
माजी ने कहा, ‘‘किसी पिछड़े जिले के व्यक्ति को राज्य का मुख्यमंत्री बनते देखने से अधिक खुशी की बात और क्या हो सकती है?’’
भाषा
शुभम नेत्रपाल
नेत्रपाल

Facebook


