मंत्रियों के बीच विभागों के बंटवारे से पहले शुभेंदु के दिल्ली रवाना होने की संभावना

मंत्रियों के बीच विभागों के बंटवारे से पहले शुभेंदु के दिल्ली रवाना होने की संभावना

मंत्रियों के बीच विभागों के बंटवारे से पहले शुभेंदु के दिल्ली रवाना होने की संभावना
Modified Date: June 2, 2026 / 01:34 pm IST
Published Date: June 2, 2026 1:34 pm IST

कोलकाता, दो जून (भाषा) पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी नव नियुक्त मंत्रियों के बीच विभागों के बंटवारे से पहले मंगलवार को नयी दिल्ली के लिए संभवत: रवाना होंगे। राज्य सचिवालय के एक विश्वसनीय सूत्र ने यह जानकारी दी।

इससे एक दिन पहले सोमवार को, पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत पहले मंत्रिमंडल के विस्तार के तहत 35 विधायकों ने मंत्री पद की शपथ ली थी।

राज्य सरकार ने अब तक विधायकों के बीच विभागों के बंटवारे की घोषणा नहीं की है जिससे महत्वपूर्ण विभागों के संभावित आवंटन को लेकर राजनीतिक उत्सुकता बढ़ गई है।

सूत्र ने बताया कि मुख्यमंत्री अपने दौरे में भाजपा के अध्यक्ष नितिन नवीन और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सहित कई वरिष्ठ भाजपा नेताओं से मुलाकात कर सकते हैं।

अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ ने कहा, ‘‘बैठक में मंत्रियों के विभागों को अंतिम रूप देने सहित संगठनात्मक और प्रशासनिक मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।’’

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के राष्ट्रीय राजधानी में एक विशेष बैठक में शामिल होने की भी संभावना है। हालांकि बैठक का विवरण अब तक सार्वजनिक नहीं किया गया है।

राज्य सरकार की बुधवार को मंत्रिमंडल की बैठक होनी है जिसमें मंत्रियों के विभागों की घोषणा होने की संभावना है।

मुख्यमंत्री का मंगलवार को काफी व्यस्त कार्यक्रम है जिसकी शुरुआत सुबह भाजपा के सॉल्ट लेक कार्यालय में जन शिकायत कार्यक्रम ‘जनता दरबार’ से होगी।

राज्य सचिवालय के एक अधिकारी ने बताया कि बाद में वह हुगली जिले के तारकेश्वर जाएंगे जहां वह प्रसिद्ध शिव मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे और जिला अधिकारियों के साथ प्रशासनिक समीक्षा बैठक करेंगे।

अधिकारी ने बताया कि ‘‘तारकेश्वर में मुख्यमंत्री के कार्यक्रमों के दौरान पश्चिम बंगाल में 20 जून को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रस्तावित दौरे की तैयारियों पर भी चर्चा होने की संभावना है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रमों से संबंधित प्रशासनिक व्यवस्थाओं की समीक्षा की जा रही है। मुख्यमंत्री अपनी यात्रा के दौरान अधिकारियों के साथ व्यवस्था और सुरक्षा संबंधी पहलुओं पर चर्चा कर सकते हैं।’’

उन्होंने कहा कि तारकेश्वर में अपने कार्यक्रम पूरे करने के बाद मुख्यमंत्री सीधे कोलकाता हवाई अड्डे के लिए रवाना होंगे और वहां से नयी दिल्ली के लिए उड़ान भरेंगे।

भाषा सुरभि सिम्मी

सिम्मी


लेखक के बारे में