चेन्नई, 13 जुलाई (भाषा) सत्तारूढ़ द्रविड़ मुन्नेत्र कषगम (द्रमुक) ने शनिवार को विक्रवांडी विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में 67,757 मतों के अंतर से जीत दर्ज की, जबकि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) का घटक दल पट्टाली मक्कल काची (पीएमके) 56,296 मतों के साथ दूसरे स्थान पर रहा।
शनिवार को मतगणना के दौरान द्रमुक के अन्नियुर शिवा बढ़त बनाए हुए थे और उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी पीएमके उम्मीदवार सी. अंबुमणि के बीच अंतर हर चरण में बढ़ता गया।
विक्रवांडी विधानसभा सीट को बरकरार रखते हुए, सत्तारूढ़ द्रमुक ने 2019 के लोकसभा चुनाव के बाद से राज्य में अपनी जीत का सिलसिला जारी रखा है।
इस साल अप्रैल में द्रमुक विधायक एन. पुगाझेंथी का निधन हो जाने के कारण इस सीट पर उपचुनाव कराया गया।
द्रमुक के नेतृत्व वाले गठबंधन ने हाल में संपन्न संसदीय चुनाव में तमिलनाडु की सभी 39 जबकि पुडुचेरी की एकमात्र लोकसभा सीट पर जीत हासिल की थी।
भाषा योगेश माधव
माधव