तमिलनाडु : मुख्यमंत्री विजय अपने निर्वाचन क्षेत्र पेरम्बूर पहुंचे, जन शिकायत ऐप की शुरुआत
तमिलनाडु : मुख्यमंत्री विजय अपने निर्वाचन क्षेत्र पेरम्बूर पहुंचे, जन शिकायत ऐप की शुरुआत
(तस्वीरों के साथ)
चेन्नई, 13 जुलाई (भाषा) तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय विधानसभा चुनाव में जीत के बाद सोमवार को अपने निर्वाचन क्षेत्र पेरम्बूर में आयोजित अपने पहले आधिकारिक कार्यक्रम में शामिल हुए और इस दौरान नए सिरे से तैयार किए गए अपने विधायक कार्यालय का उद्घाटन किया।
उन्होंने विशेष तौर पर पेरम्बूर के निवासियों के लिए जन-शिकायत मोबाइल ऐप्लिकेशन की भी शुरुआत की।
आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक, व्यासरपाडी में शर्मा नगर फर्स्ट स्ट्रीट में तैयार विधायक कार्यालय में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं और रोजाना जनता की अर्जियों के निस्तारण के लिए 10 कर्मियों को तैनात किया गया है।
मुख्यमंत्री विजय ने विधानसभा चुनाव में पेरम्बूर और तिरुचि पूर्व दोनों सीट से जीत हासिल की थी, लेकिन बाद में उन्होंने तिरुचि पूर्व सीट से इस्तीफा दे दिया था।
नागरिकों की शिकायतों और अनुरोधों पर तेजी से कार्रवाई करने के लिए विधायक कार्यालय में एक एकीकृत समान सेवा केंद्र (ई-सेवई मय्यम) भी बनाया गया है। साथ ही, हाल ही में लॉन्च किए गए ऐप के ज़रिये नागरिक बिजली, पानी की आपूर्ति, सड़कों, साफ़-सफ़ाई और सरकारी कल्याणकारी योजनाओं से जुड़ी शिकायतें सीधे दर्ज कर सकते हैं और उनकी स्थिति पर नजर रख सकते हैं।
मुख्यमंत्री ने एमकेबी नगर इलाके के दौरे के दौरान, एक स्थानीय राशन की दुकान का निरीक्षण किया और लाभार्थियों को नए राशन कार्ड और ज़रूरी सामान बांटने की शुरुआत की, साथ ही ज़मीन के मालिकाना हक़ के पट्टे भी सौंपे। इसके बाद, उन्होंने यात्रियों की सुविधाओं और चार्जिंग अवसंरचना का जायज़ा लेने के लिए व्यासरपाडी मेट्रो के पास मेट्रोपॉलिटन ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन (एमटीसी) के इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग स्टेशन का दौरा किया।
भाषा धीरज सुरेश
सुरेश

Facebook


