चेन्नई, 22 जून (भाषा) तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय के जन्म दिन के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी समेत प्रदेश के विभिन्न नेताओं ने उन्हें शुभकामनायें दी ।
विजय सोमवार को 52 वर्ष के हो गए। उन्होंने 10 मई को प्रदेश के मुख्यमंत्री का पद संभाला था ।
मोदी और राहुल के अलावा तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्रियों एम के स्टालिन और एडप्पाडी के पलानीस्वामी तथा भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन समेत कई नेताओं ने विजय को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।
तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) के संस्थापक विजय को विभिन्न लोगों ने भी शुभकामनायें प्रेषित की । विजय ने 23 अप्रैल को हुए विधानसभा चुनाव में द्रविड़ दलों के राजनीतिक समीकरणों को बदलते हुए बड़ी सफलता हासिल की थी और द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के सहयोगी दलों के समर्थन से राज्य में सरकार का गठन किया था।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘तमिलनाडु के मुख्यमंत्री थिरु सी. जोसेफ विजय जी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। मैं उनके दीर्घ एवं स्वस्थ जीवन के लिए प्रार्थना करता हूं।’’
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया में कहा, ‘तमिलनाडु के मुख्यमंत्री थिरु जोसेफ विजय को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। मैं आपके उत्तम स्वास्थ्य और सभी प्रयासों में सफलता की कामना करता हूं।’
गांधी ने कहा, ‘मैं तमिल लोगों के अधिकारों, सम्मान और आकांक्षाओं की रक्षा करने तथा राज्य की प्रगति के लिए आपके साथ मिलकर काम करने में आपके साथ खड़ा हूं।’
द्रमुक अध्यक्ष एम.के. स्टालिन ने भी विजय को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए कहा, ‘मैं आपके अच्छे स्वास्थ्य और प्रसन्नता की कामना करता हूं। आप इसी तरह जनता की सेवा करते रहें, इसके लिए आपको निरंतर शक्ति मिलती रहे।’
अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) के महासचिव एडप्पाडी के. पलानीस्वामी ने विजय को शुभकामनाएं देते हुए उनके दीर्घायु और अच्छे स्वास्थ्य की कामना की, ताकि वे जनता की सेवा करते रहें।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन ने विजय की एक तस्वीर साझा करते हुए मुख्यमंत्री को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विजय के दीर्घायु और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की, ताकि वे जनसेवा के क्षेत्र में लगातार उत्कृष्ट कार्य करते रहें।
विपक्षी द्रमुक के सहयोगी दल मक्कल निधि मय्यम के अध्यक्ष और सांसद कमल हासन ने भी इस अवसर पर विजय को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।
अपने संदेश में तमिल मनीला कांग्रेस (मूपनार) के संस्थापक जी.के. वासन ने कहा कि तमिलनाडु की राजनीति में बदलाव लाने और जनता का दिल जीतने वाले विजय को लोगों की सोच और अपेक्षाओं के अनुरूप सुशासन प्रदान करना चाहिए।
वासन ने कहा, ‘ईश्वर आपको इस कार्य में पूरा सहयोग दे। मैं भगवान से प्रार्थना करता हूं कि जनता के कल्याण के लिए आपके प्रयास सफल हों और आप दीर्घायु तथा अच्छे स्वास्थ्य के साथ जीवन व्यतीत करें।’
प्रसिद्ध अभिनेता चंद्रशेखर जोसेफ विजय का जन्म 22 जून 1974 को फिल्म निर्देशक और निर्माता एस.ए. चंद्रशेखर तथा शोभा के घर हुआ था।
तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) की स्थापना के दो वर्ष बाद ही विजय ने अपनी पार्टी का नेतृत्व करते हुए 234 सदस्यीय तमिलनाडु विधानसभा में 107 सीटें जीतने में सफलता हासिल की।
हालांकि उनकी पार्टी को विधानसभा में बहुमत के लिए आवश्यक 118 सीटें नहीं मिली थीं, फिर भी विजय ने कांग्रेस, वामपंथी दलों, वीसीके और आईयूएमएल के समर्थन से गठबंधन सरकार बना ली। ये सभी दल पहले द्रमुक के सहयोगी रहे हैं।
भाषा तान्या रंजन
रंजन