तमिलनाडु: मंत्रियों के प्रतिनिधिमंडल की मणिकम टैगोर, तिरुमावलवन से मुलाकात; नौ सितंबर का आमंत्रण
तमिलनाडु: मंत्रियों के प्रतिनिधिमंडल की मणिकम टैगोर, तिरुमावलवन से मुलाकात; नौ सितंबर का आमंत्रण
चेन्नई, पांच सितंबर (भाषा) तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) सरकार के मंत्रियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को तमिलनाडु प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बी. मणिकम टैगोर और विदुथलाई चिरुथैगल काची (वीसीके) प्रमुख टी. तिरुमावलवन से मुलाकात कर दोनों नेताओं को नौ सितंबर को होने वाली बैठक के लिए आमंत्रित किया।
यह बैठक चुनाव बाद सहयोगी दलों के साथ गठबंधन को मजबूत और औपचारिक रूप देने के उद्देश्य से बुलाई गई है।
जल संसाधन मंत्री एन. आनंद और लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) मंत्री आधव अर्जुन ने तमिलनाडु कांग्रेस कमेटी के मुख्यालय सत्यमूर्ति भवन में टैगोर से मुलाकात की और उन्हें बैठक का निमंत्रण दिया।
इस दौरान पर्यटन मंत्री एवं कांग्रेस नेता एस. राजेश कुमार और कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य प्रवीण चक्रवर्ती भी मौजूद रहे।
इसके बाद टीवीके नेताओं ने तिरुमावलवन से मुलाकात की।
तिरुमावलवन ने बैठक के एजेंडे के बारे में पत्रकारों से कहा, “यह गठबंधन को लेकर विचार-विमर्श करने को लेकर बैठक है। इसमें टीवीके, कांग्रेस, वीसीके, आईयूएमएल और एमडीएमके समेत कुछ ऐसे दल शामिल होंगे, जो मंत्रिमंडल का हिस्सा नहीं हैं। इस बैठक में टीवीके के नेतृत्व वाले गठबंधन को लेकर फैसला लिया जाएगा। मुख्यमंत्री की ओर से मंत्रियों ने बैठक के लिए औपचारिक निमंत्रण दिया है और वीसीके इसमें शामिल होगी।”
अर्जुन ने कहा कि नौ सितंबर की बैठक में गठबंधन को मजबूत करने, भविष्य की रणनीति, कार्य योजना और टीवीके के नेतृत्व वाले गठबंधन के नाम पर चर्चा की जाएगी।
कांग्रेस द्वारा राहुल गांधी को 2029 के लोकसभा चुनाव के लिए प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार बताए जाने के सवाल पर मंत्री ने कहा कि अभी 2029 के चुनाव में काफी समय बाकी है।
अर्जुन ने पत्रकारों से कहा कि वह और पार्टी के अन्य पदाधिकारी सहयोगी दलों के नेताओं को ‘मुख्यमंत्री का निमंत्रण’ दे रहे हैं।
उन्होंने कहा कि यह बैठक गठबंधन को लेकर एक जुलाई को हुई बैठक की अगली कड़ी है।
मंत्री ने कहा, “यह बैठक नौ सितंबर को शाम चार बजे टीवीके कार्यालय में होगी और इसमें सभी नेता मिलकर एक महत्वपूर्ण निर्णय लेंगे।”
उन्होंने बताया कि इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) को आठ सितंबर को बैठक के लिए आमंत्रित किया जाएगा।
इससे पहले चार सितंबर को टीवीके मंत्रियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के राज्य सचिव पी. षणमुगम, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के राज्य सचिव एम. वीरपांडियन और मरुमलार्ची द्रविड़ मुनेत्र कषगम (एमडीएमके) महासचिव वाइको को बैठक के लिए आमंत्रित किया था।
भाषा जितेंद्र माधव
माधव

Facebook


