तमिलनाडु : राज्यपाल ने मंत्रियों के शपथ ग्रहण के दौरान कुछ और बोलने पर कांग्रेस सदस्य को टोका
तमिलनाडु : राज्यपाल ने मंत्रियों के शपथ ग्रहण के दौरान कुछ और बोलने पर कांग्रेस सदस्य को टोका
चेन्नई, 21 मई (भाषा) तमिलनाडु के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने बृहस्पतिवार को तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) नीत मंत्रिमंडल के विस्तार के दौरान मंत्रियों को शपथ दिलाई और कांग्रेस नेता एस राजेश कुमार से लिखित शपथ का पालन करने को कहा। राजेश ने कुछ और बोलने की कोशिश की थी।
कांग्रेस नेता द्वारा अपने पार्टी नेताओं की प्रशंसा में नारे लगाने के बाद आर्लेकर ने कुमार से उन्हें लिखित शपथ का पालन करने को कहा।
कुमार तमिलनाडु विधानसभा में कांग्रेस विधायक दल के नेता हैं। बृहस्पतिवार को सी. जोसेफ विजय नीत मंत्रिमंडल में 23 मंत्रियों को शपथ दिलायी गयी।
यहां लोक भवन में राज्य मंत्री के रूप में शपथ लेने के दौरान कुमार ने अचानक कांग्रेस नेताओं कामराज, राजीव गांधी और राहुल गांधी की प्रशंसा की, जिस पर राज्यपाल ने कहा, ‘यह आपकी शपथ का हिस्सा नहीं है।’
इसके तुरंत बाद एक अधिकारी कुमार के पास आया और उनके सामने रखे लिखित भाषण की ओर इशारा किया। इसके बाद उन्होंने शपथ पूरी की।
कुछ ही मिनट बाद, सलेम दक्षिण से टीवीके विधायक ए विजय तमिलन पार्थिबन ने मंत्री पद की शपथ ली और मंच पर उपस्थित पार्टी नेता तथा मुख्यमंत्री विजय की प्रशंसा करते हुए कहा, ‘वाझगा थलाइवर, वलर्गा तमिल (नेता अमर रहें, तमिल समृद्ध हो)।’’
श्रीपेरुम्बुदुर से टीवीके सदस्य थेन्नारासु ने मंत्री पद की शपथ लेते हुए कहा कि उनकी निष्ठा पार्टी नेता और पार्टी के प्रति होगी।
भाषा तान्या अविनाश
अविनाश

Facebook


