तमिलनाडु के राज्यपाल संविधान और नियमों के अनुसार करेंगे फैसला : भाजपा
तमिलनाडु के राज्यपाल संविधान और नियमों के अनुसार करेंगे फैसला : भाजपा
चेन्नई, सात मई (भाषा) तमिलनाडु के राज्यपाल द्वारा अब तक तमिलगा वेत्री कड़गम (टीवीके) को सरकार गठन के लिए आमंत्रित नहीं किए जाने के बीच भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रवक्ता नारायणन तिरुपति ने बृहस्पतिवार को कहा कि सभी प्रक्रियाएं लोकतांत्रिक तरीके से पूरी होंगी।
तिरुपति ने ‘पीटीआई वीडियो’ से कहा, ‘‘मुझे नहीं लगता कि राजभवन या राज्यपाल के स्तर पर कोई भ्रम की स्थिति है। राज्यपाल संविधान और नियम पुस्तिका के अनुसार ही काम करेंगे।’’
उन्होंने कहा, ‘‘जनता ने जिस तरह मतदान किया है, उसी का यह परिणाम है। मतदाताओं ने ऐसा जनादेश दिया है कि किसी भी दल को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला।’’
भाजपा नेता ने कहा कि संवैधानिक व्यवस्था के अनुसार वही दल सरकार बनाने का अधिकार रखता है, जो कुल सीटों की आधे से अधिक सीटें हासिल करे या आवश्यक समर्थन जुटा ले।
तिरुपति ने कहा, ‘‘इस बार किसी भी दल को बहुमत नहीं मिला है। मेरा मानना है कि मौजूदा स्थिति में यही भ्रम का कारण है और इसी वजह से लोक भवन समय ले रहा है।’’
उन्होंने कहा कि यदि अन्य दल विजय के नेतृत्व वाली टीवीके को समर्थन देने के लिए आगे आते हैं, तो तमिलनाडु में स्थिर सरकार का गठन संभव होगा।
भाषा मनीषा वैभव
वैभव

Facebook


