तमिलनाडु चुनाव: राजग के दो घटक दलों ने उम्मीदवार घोषित किए

Ads

तमिलनाडु चुनाव: राजग के दो घटक दलों ने उम्मीदवार घोषित किए

  •  
  • Publish Date - March 27, 2026 / 04:34 PM IST,
    Updated On - March 27, 2026 / 04:34 PM IST

(परिवर्तित स्लग के साथ)

चेन्नई, 27 मार्च (भाषा) तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के लिए राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के दो घटक दलों ने शुक्रवार को अपने उम्मीदवारों की घोषणा की, जिनमें से एक दल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के चुनाव चिह्न ‘कमल’ पर और दूसरा गठबंधन की अगुवाई कर रहे ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) के चिह्न ‘दो पत्तियों’ के साथ मैदान में उतरेगा।

पूर्व केंद्रीय मंत्री जी.के. वासन ने तमिल मनिला कांग्रेस (मूपनार) को आवंटित पांच सीट के लिए उम्मीदवारों के नाम घोषित किए, जबकि पूर्व सांसद पारिवेंधर नीत इंडिया जननायक काची (आईजेके) ने दो विधानसभा सीट के लिए अपने प्रत्याशियों की घोषणा की।

वासन ने कहा कि उनकी पार्टी टीएमसी (एम) भाजपा के ‘कमल’ चुनाव चिह्न पर लड़ेगी, जबकि आईजेके अन्नाद्रमुक के चुनाव चिह्न ‘दो पत्तियों’ पर चुनाव मैदान में उतरेगी।

वासन ने उम्मीदवारों की घोषणा के लिए ‘‘शुभ समय’’ का स्पष्ट रूप से जिक्र करते हुए यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा कि उन्होंने “पार्टी की भावना” को ध्यान में रखते हुए अपराह्न 12 बजकर 12 मिनट पर उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की।

उन्होंने कहा कि वी.एम. कार्तिकेयन रानीपेट से, एम. युवराज इरोड पश्चिम से, पूर्व विधायक ‘विदियाल’ एस. शेखर ओड्डंचत्तिरम से और एम.के.आर. अशोक कुमार कुंभकोणम से चुनाव लड़ेंगे।

वासन ने कहा कि जे. निविन साइमन किल्लियूर सीट से पार्टी के उम्मीदवार होंगे।

उन्होंने राजग को ‘‘विजयी गठबंधन’’ करार देते हुए कहा कि पार्टी भाजपा के चुनाव चिह्न ‘कमल’ पर चुनाव लड़ेगी।

वासन ने कहा, “जनमत अन्नाद्रमुक नीत राजग के पक्ष में है, जो एक विजयी गठबंधन है।”

इस बीच, आईजेके अध्यक्ष रवि पचमुथु ने अपने पिता एवं पार्टी संस्थापक पारिवेंधर की मौजूदगी में संवाददाता सम्मेलन में कहा कि वेंकटेशन पल्लवरम और सरन्या अनबाझगन कुन्नम से चुनाव लड़ेंगे।

पारिवेंधर ने बताया कि उनकी पार्टी ‘दो पत्तियां’ के चुनाव चिह्न के साथ चुनाव लड़ेगी।

इसके अलावा, राजग की एक अन्य सहयोगी पुथिया निधि काची भी दो सीट पर चुनाव लड़ेगी।

पार्टी प्रमुख ए.सी. षणमुगम ने कहा कि उनकी पार्टी एक सीट पर ‘कमल’ और दूसरी सीट पर ‘दो पत्तियां’ चिन्ह के साथ मैदान में उतरेगी।

षणमुगम ने संकेत दिया कि भाजपा ने अन्नाद्रमुक नीत गठबंधन में अपने 27 सीट के हिस्से में से एक सीट उनकी पार्टी को दी है।

उन्होंने कहा कि जिन सीट पर उनकी पार्टी चुनाव लड़ेगी, उनके नामों की घोषणा बाद में की जाएगी।

भाषा खारी दिलीप

दिलीप