तमिलनाडु: भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष नयनार नागेंद्रन सत्तूर से चुनाव लड़ेंगे

Ads

तमिलनाडु: भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष नयनार नागेंद्रन सत्तूर से चुनाव लड़ेंगे

  •  
  • Publish Date - March 27, 2026 / 05:39 PM IST,
    Updated On - March 27, 2026 / 05:39 PM IST

कन्याकुमारी, 27 मार्च (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की तमिलनाडु इकाई के प्रमुख नयनार नागेंद्रन ने शुक्रवार को 23 अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनाव में विरुधुनगर जिले के सत्तूर निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ने की घोषणा की।

नागेंद्रन ने 2021 के विधानसभा चुनाव में तिरुनेलवेली सीट से जीत हासिल की थी।

नागेंद्रन के अलावा, पार्टी की महिला मोर्चा अध्यक्ष वानती श्रीनिवासन किसी अन्य निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ सकती हैं। श्रीनिवासन ने 2021 के विधानसभा चुनाव में अभिनेता से नेता बने कमल हासन को हराकर कोयंबटूर दक्षिण से जीत दर्ज की थी।

उन्होंने शुक्रवार को कन्याकुमारी दौरे के दौरान संवाददाताओं से कहा, “मैं 23 अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनाव में सत्तूर से चुनाव लड़ूंगा। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के उम्मीदवार चुनाव में विजयी होंगे।”

भाजपा के एक वरिष्ठ नेता के अनुसार, यह फैसला राज्य में पार्टी की उपस्थिति बढ़ाने की रणनीति का हिस्सा है।

हाल में सीट बंटवारे के लिये हुए समझौते के तहत अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) ने भाजपा को 27 सीट आवंटित की हैं, हालांकि पार्टी को तिरुनेलवेली और कोयंबटूर दक्षिण सीट नहीं मिली हैं।

जब श्रीनिवासन से पूछा गया कि क्या वह किसी अन्य निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ेंगी, तो उन्होंने 26 मार्च को संवाददाताओं से कहा कि पार्टी आलाकमान तय करेगा कि कौन कहाँ से चुनाव लड़ेगा।

उन्होंने कहा, ‘मैं पार्टी के फैसले का पालन करूँगी।’

भाजपा ने अभी तक अपने उम्मीदवारों की आधिकारिक सूची जारी नहीं की है।

भाषा

प्रचेता दिलीप

दिलीप