तमिलनाडु : ‘जन नायकन’ फिल्म लीक मामले में छह लोग गिरफ्तार

तमिलनाडु : ‘जन नायकन’ फिल्म लीक मामले में छह लोग गिरफ्तार

तमिलनाडु : ‘जन नायकन’ फिल्म लीक मामले में छह लोग गिरफ्तार
Modified Date: April 13, 2026 / 03:51 pm IST
Published Date: April 13, 2026 3:51 pm IST

चेन्नई, 13 अप्रैल (भाषा) तमिलनाडु पुलिस के साइबर अपराध प्रकोष्ठ ने अभिनेता विजय की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘जन नायकन’ के रिलीज से पहले उसके ऑनलाइन लीक होने के मामले में छह लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, फिल्म के विभिन्न डिजिटल प्लेटफॉर्म पर लीक होने की शिकायत मिलने के बाद राज्य पुलिस के साइबर अपराध जांच केंद्र ने मामला दर्ज किया और 12 अप्रैल को आरोपियों को गिरफ्तार किया।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक फिल्म 10 अप्रैल को ऑनलाइन लीक हो गई थी, जिससे फिल्म उद्योग जगत ने नाराजगी व्यक्त की है।

एच विनोद द्वारा निर्देशित और केवीएन प्रोडक्शंस द्वारा निर्मित इस फिल्म को विजय के राजनीति में पूर्णकालिक प्रवेश से पहले उनकी अंतिम फिल्म के रूप में देखा जा रहा था।

एक अधिकारी ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम, कॉपीराइट अधिनियम और सिनेमैटोग्राफ अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

एक अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘मामले की जांच चल रही है और इस स्तर पर गिरफ्तार किए गए लोगों के नाम उजागर करना संभव नहीं है।’’

साइबर अपराध शाखा के मुख्यालय द्वारा जारी एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, डिजिटल फोरेंसिक विश्लेषण करने और वितरण श्रृंखला का पता लगाने के लिए कई विशेष टीमों का गठन किया गया था।

जांच में छह लोगों की पहचान हुई, जो क्लाउड स्टोरेज प्लेटफॉर्म के जरिए फिल्म की कॉपी अपलोड और लिंक साझा करने में कथित रूप से शामिल थे।

पुलिस ने बताया कि आरोपियों से डिजिटल साक्ष्य जब्त किए गए हैं और उन्हें अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

इसके अलावा, 300 से अधिक अवैध लिंक को ब्लॉक करने की प्रक्रिया शुरू की गई है। सोशल मीडिया, वेबसाइट और फाइल-शेयरिंग सेवाओं की निगरानी के लिए विशेष टीमें तैनात की गई हैं। पुलिस इस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

भाषा रवि कांत रवि कांत नरेश

नरेश


लेखक के बारे में