तमिलनाडु: टीवीके सरकार के पहले बजट में ‘जेन जेड’ के लिए ब्रांडेड साइकिल, एआई कौशल प्रशिक्षण की घोषणा
तमिलनाडु: टीवीके सरकार के पहले बजट में 'जेन जेड' के लिए ब्रांडेड साइकिल, एआई कौशल प्रशिक्षण की घोषणा
चेन्नई, पांच अगस्त (भाषा) तमिलनाडु में तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके)-नीत सरकार ने अपने पहले बजट में ‘जेन जेड’ को ध्यान में रखते हुए कई विशेष योजनाओं की घोषणा की है। इनमें ब्रांडेड साइकिलों का वितरण, युवाओं को कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) का कौशल प्रशिक्षण और शहरी क्षेत्रों में विशेष आवास उपलब्ध कराने जैसी पहल शामिल हैं।
‘जेन जेड’ छात्रों के लिए घोषित प्रमुख पहलों में से एक योजना ब्रांडेड साइकिल देने की है। इसके तहत सरकारी और सरकारी सहायता प्राप्त स्कूलों के कक्षा 11 के करीब 5.32 लाख विद्यार्थियों को हेलमेट और पानी की बोतल के साथ आधुनिक ब्रांडेड साइकिल दी जाएंगी। इस योजना के लिए 277 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
विधानसभा में वर्ष 2026-27 का बजट पेश करते हुए वित्त मंत्री एन. मैरी विल्सन ने ‘वेत्री लैपटॉप योजना’ की घोषणा की। इस योजना के लिए 2,000 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, ताकि कॉलेज के छात्रों को डिजिटल शिक्षा के लिए आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराए जा सकें।
उन्होंने कहा कि तकनीकी विशेषज्ञता को और मजबूत करने के लिए आईआईटी मद्रास जैसे प्रमुख संस्थानों के सहयोग से ‘एआई उद्योग विकास कार्यक्रम’ शुरू किया जाएगा।
वहीं, छात्रों और युवा पेशेवरों की आवास संबंधी जरूरतों को ध्यान में रखते हुए सरकार ने तमिलनाडु छात्र आवास एवं अवसंरचना निगम (टीएनएसएचआईसी) के गठन की घोषणा की है।
भाषा
प्रचेता सुरेश
सुरेश

Facebook


