तमिलनाडु : वीसीके और वाम दलों के नेताओं ने द्रमुक अध्यक्ष स्टालिन से मुलाकात की
तमिलनाडु : वीसीके और वाम दलों के नेताओं ने द्रमुक अध्यक्ष स्टालिन से मुलाकात की
(तस्वीर के साथ)
चेन्नई, सात मई (भाषा)विदुथालाई चिरुथैगल कच्ची (वीसीके)और वाम दलों के नेताओं ने बृहस्पतिवार को निवर्तमान मुख्यमंत्री और द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) अध्यक्ष एम.के. स्टालिन से मुलाकात की।
यह मुलाकात ऐसे समय हुई है जब तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) नेता चंद्रशेखर जोसफ विजय ने राज्य में सरकार बनाने के लिए समर्थन देने का अनुरोध किया है।
द्रमुक के तीनों सहयोगी दल शुक्रवार को अलग-अलग बैठक करेंगे और टीवीके को सरकार बनाने के लिए समर्थन देने पर फैसला करेंगे। वीसीके प्रमुख थोल थिरुमावलवन ने यहां अलवरपेट स्थित द्रमुक प्रमुख स्टालिन के आवास से बाहर निकलते हुए संवाददाताओं को यह जानकारी दी।
स्टालिन से मुलाकात करने से पहले, थिरुमावलवन, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के राज्य सचिव एम. वीरपांडियन और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के राज्य सचिव पी. शनमुगम ने आपस में चर्चा की थी। द्रमुक के इन तीनों सहयोगी दलों ने 23 अप्रैल को हुए विधानसभा चुनाव में क्रमशः दो-दो सीट पर जीत हासिल की हैं।
द्रमुक की लंबे समय से सहयोगी रही कांग्रेस के चुनाव नतीजे आने के बाद टीवीके के साथ गठबंधन करने की घोषणा कर दी। उसके नयी विधानसभा में पांच सदस्य हैं।
थिरुमावलवन ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘हम कोई जादुई फैसला नहीं ले सकते। वीसीके की उच्च स्तरीय समिति कल बैठक करेगी और अंतिम निर्णय लेगी। वामपंथी दल भी अपने-अपने कार्यालयों में बैठक करेंगे।’’
उन्होंने स्टालिन के साथ हुई बैठक के बारे में पूछे जाने पर कहा, ‘‘हमने चुनाव परिणामों पर चर्चा की।’’
चार मई को आए नतीजों के मुताबिक 234 सदस्यीय तमिलनाडु विधानसभा में टीवीके ने 108 सीट पर जीत दर्ज की है। कांग्रेस के पांच सदस्यों ने हालांकि टीवीके को समर्थन दे दिया है लेकिन इसके बावजूद वह सरकार बनाने के लिए जरूरी 118 की संख्या से दूर है।
भाषा धीरज नरेश
नरेश

Facebook


