तमिलनाडु : सामान्य से दो-चार डिग्री सेल्सियस अधिक तापमान के बावजूद मतदाताओं में जबर्दस्त उत्साह
तमिलनाडु : सामान्य से दो-चार डिग्री सेल्सियस अधिक तापमान के बावजूद मतदाताओं में जबर्दस्त उत्साह
(तस्वीरों के साथ)
चेन्नई, 23 अप्रैल (भाषा) तमिलनाडु में इस साल अप्रैल में कई जगहों पर अधिकतम तापमान सामान्य दो-चार डिग्री सेल्सियस अधिक होने के बावजूद बृहस्पतिवार को विधानसभा चुनाव में बड़ी संख्या में लोग वोट डालने पहुंचे, जो लोकतांत्रिक प्रक्रिया के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
राज्य में सुबह मतदान केंद्रों पर अच्छी खासी भीड़ देखी गई। अधिकारियों के मुताबिक, पूर्वाह्न 11 बजे तक लगभग 38 प्रतिशत लोग वोट डाल चुके थे।
हालांकि, कई जगहों पर उच्च आर्द्रता के कारण सुबह का 30 डिग्री सेल्सियस तापमान भी 39 डिग्री सेल्सियस के करीब महसूस हो रहा था। फिर भी, खासकर चेन्नई, कोयंबटूर और मदुरै जैसे शहरों में मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की अच्छी-खासी भीड़ नजर आई।
चिलचिलाती धूप में बड़ी संख्या में वंचित समुदायों के मतदाताओं ने मताधिकार का इस्तेमाल करते हुए एक जिम्मेदारी नागरिक के रूप में अपना कर्तव्य निभाया। करूर में ‘पीटीआई’ की टीम ने देखा कि मोती बेचने वाले और दिहाड़ी मजदूर भीषण गर्मी और सीमित संसाधनों के बावजूद काफी दूरी तय करके मतदान केंद्रों तक पहुंचे।
करूर निर्वाचन क्षेत्र के वेट्टाइकरन पुदुर में एक मतदान केंद्र पर, परंपरागत रूप से घुमंतू नारिकुर्रावर समुदाय की मीना भीषण गर्मी में भी वोट डालने के लिए अपने बच्चे के साथ कतार में खड़ी थी।
मीना ने ‘पीटीआई-वीडियो’ से कहा, ‘‘हम चाहते हैं कि सरकार आवासीय सुविधा हासिल करने और हमारे बच्चों की पढ़ाई-लिखाई में हमारी मदद करे। यह तभी संभव है, जब हम हर हाल में मतदान करते रहें।’’
अप्रैल में इस ‘असामान्य’ तापमान से मतदाताओं को होने वाली असुविधा को कम करने के लिए मतदान केंद्रों पर छाया और ठंडे स्थान के साथ-साथ पीने के पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने के प्रयास किए गए हैं।
भाषा राजकुमार पारुल
पारुल

Facebook


