अन्नाद्रमुक सत्ता में आई तो तमिलनाडु को नशामुक्त बनाया जाएगा : पलानीस्वामी

अन्नाद्रमुक सत्ता में आई तो तमिलनाडु को नशामुक्त बनाया जाएगा : पलानीस्वामी

अन्नाद्रमुक सत्ता में आई तो तमिलनाडु को नशामुक्त बनाया जाएगा : पलानीस्वामी
Modified Date: April 17, 2026 / 05:04 pm IST
Published Date: April 17, 2026 5:04 pm IST

(तस्वीरों के साथ)

सलेम (तमिलनाडु), 17 अप्रैल (भाषा) अन्नाद्रमुक के महासचिव ए.के. पलानीस्वामी ने शुक्रवार को कहा कि विधानसभा चुनाव में उनकी पार्टी के सत्ता में आने पर तमिलनाडु को नशामुक्त बनाया जाएगा।

संगागिरि में चुनाव प्रचार के दौरान पलानीस्वामी ने कहा, ‘‘छात्र नशे के आदी हो चुके हैं और अब इस बुराई को खत्म करने का समय आ गया है। अन्नाद्रमुक के सत्ता में आते ही गांजे की बिक्री पूरी तरह से समाप्त कर दी जाएगी। हम तमिलनाडु को नशामुक्त राज्य में बदल देंगे।’’

उन्होंने आरोप लगाया कि तमिलनाडु में कानून व्यवस्था की स्थिति काफी खराब हो गई है और महिलाओं और आम जनता के लिए कोई सुरक्षा नहीं है।

पलानीस्वामी ने कहा, ‘‘हालात इतने भयावह हो गए हैं कि दो साल के बच्चे भी सुरक्षित नहीं हैं और वे यौन हिंसा और हत्या का शिकार हो रहे हैं। अगर तमिलनाडु में महिलाओं को सुरक्षित रखना है तो अन्नाद्रमुक को सत्ता में लाना होगा।’’

उन्होंने कहा कि जनता की सुरक्षा का जिम्मा संभालने वाले पुलिसकर्मी भी मौजूदा सरकार में सुरक्षित नहीं हैं।

पलानीस्वामी ने कहा, ‘‘पिछले छह महीनों में ही छह पुलिसकर्मियों की हत्या कर दी गई है।’’

पलानीस्वामी ने आरोप लगाया कि नशाखोरों द्वारा हत्या, लूटपाट और यौन हिंसा की घटनाएं हर दिन होती हैं।

अन्नाद्रमुक प्रमुख ने कहा कि 525 चुनावी वादे करने के बावजूद द्रमुक उनमें से एक चौथाई भी पूरे नहीं कर पाई है।

भाषा शफीक पवनेश

पवनेश


लेखक के बारे में