नयी दिल्ली, 31 अगस्त (भाषा) टीसीएस आईओएन ने सोमवार को कहा कि जयपुर के एक परीक्षा केंद्र में नीट-पीजी 2026 और एम्स भर्ती परीक्षा (सीआरई) के दौरान बिजली की गड़बड़ी के कारण व्यवधान आया। कंपनी ने इन घटनाओं के लिए ‘‘स्थानीय स्तर पर उत्पन्न विद्युत संबंधी समस्याओं’’ को जिम्मेदार ठहराया।
टीसीएस की आईओएन बिजनेस यूनिट के प्रमुख वेंगुस्वामी रामास्वामी ने एक बयान में कहा कि टीसीएस की ओर से संचालित जयपुर के सीतापुरा स्थित आईओएन डिजिटल जोन (आईडीजेड) परीक्षा केंद्र में रविवार और सोमवार को दोनों परीक्षाओं के दौरान बिजली आपूर्ति बाधित हुई।
टीसीएस ने बताया कि नीट-पीजी 2026 परीक्षा रविवार को देशभर के 1,111 केंद्रों पर 2.63 लाख से अधिक अभ्यर्थियों के लिए आयोजित की गई, जबकि अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) सीआरई परीक्षा सोमवार को 58 केंद्रों पर 21,000 से अधिक अभ्यर्थियों के लिए हुई।
बयान में कहा गया, ‘‘विद्युत रखरखाव के लिए जिम्मेदार विशेषज्ञ टीम इस समस्या को तत्काल ठीक करने के लिए काम कर रही है। इसके अलावा, भविष्य में ऐसी समस्याएं दोबारा न हों, यह सुनिश्चित करने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।’’
बिजली आपूर्ति बाधित होने के कारण आईडीजेड सीतापुरा के दो केंद्रों पर नीट-पीजी परीक्षा पूरी नहीं कर पाने वाले अभ्यर्थियों के लिए राष्ट्रीय आयुर्विज्ञान परीक्षा बोर्ड (एनबीईएमएस) द्वारा पुन: परीक्षा की घोषणा किए जाने के एक दिन बाद यह बयान आया है।
एनबीईएमएस की ओर से जारी नोटिस के अनुसार, प्रभावित सभी अभ्यर्थियों के लिए पुन: परीक्षा पांच सितंबर को दोपहर तीन बजे जयपुर में आयोजित की जाएगी।
एम्स सीआरई 2026 का आयोजन सोमवार को देशभर में किया गया, लेकिन जयपुर के दो केंद्रों पर बिजली की आंतरिक आपूर्ति में समस्या के कारण परीक्षा बाधित हुई।
टीसीएस आईओएन ने केंद्र पर नीट-पीजी और एम्स सीआरई परीक्षाओं में शामिल अभ्यर्थियों को हुई असुविधा के लिए खेद जताया। कंपनी ने कहा कि वह संबंधित अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रही है, ताकि प्रभावित अभ्यर्थी जल्द से जल्द अपनी परीक्षा पूरी कर सकें।
भाषा आशीष अविनाश
अविनाश