अगरतला, एक मई (भाषा) त्रिपुरा के सेपाहिजला जिले में घर में एक किशोरी का शव फंदे से लटका हुआ पाया गया, जिसके बाद शुक्रवार को उसके 70 वर्षीय दादा को हिरासत में ले लिया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
भाजपा युवा मोर्चा के एक नेता और पड़ोसियों ने आरोप लगाया कि बुजुर्ग व्यक्ति ने 16 वर्षीय किशोरी का यौन उत्पीड़न किया, गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी और आत्महत्या साबित करने के लिए उसके शव को फंदे से लटका दिया।
उन्होंने आरोपी व्यक्ति को मृत्युदंड देने की मांग की।
पीड़ित परिवार की ओर से कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई और पुलिस ने अस्वभाविक मौत का मामला दर्ज किया।
सोनमुरा थाने के अधिकारी तापस दास ने बताया, ‘सूचना मिलने पर पुलिस की एक टीम बृहस्पतिवार रात उसके घर पहुंची और शव बरामद किया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के सटीक कारण का पता चल पाएगा।’
उन्होंने कहा, ‘मृतका के 70 वर्षीय दादा को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है।’
भाषा
शुभम सुभाष
सुभाष