ओडिशा में गरज-चमक के साथ हुई बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली

Ads

ओडिशा में गरज-चमक के साथ हुई बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली

  •  
  • Publish Date - May 2, 2026 / 12:12 AM IST,
    Updated On - May 2, 2026 / 12:12 AM IST

भुवनेश्वर, एक मई (भाषा) ओडिशा के कई हिस्सों में शुक्रवार को गरज-चमक के साथ हुई बारिश से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। हालांकि,मलकानगिरी में अब भी गर्मी का सितम जारी है, जहां अधिकतम तापमान 40.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

अधिकारियों ने बताया कि आंधी से फसलों और कच्चे मकानों को नुकसान पहुंचा है। कई जगहों पर पेड़ उखड़ गए हैं, लेकिन अभी तक जानमाल के नुकसान की खबर नहीं है।

भुवनेश्वर, कटक, गंजाम, कोरापुट, रायगड़ा, पुरी, अंगुल, फूलबानी, दारिंहिबाड़ी, सुंदरगढ़, बालासोर और पारादीप सहित कई स्थानों पर बृहस्पतिवार को बारिश और गरज के साथ आंधी आई। गजपति जिले के परलाखेमुंडी कस्बे में शुक्रवार को 18.2 मिमी बारिश हुई, इसके बाद कोरापुट में 17.2 मिमी, नबरंगपुर में 10.2 मिमी और रायगड़ा में 2.6 मिमी बारिश दर्ज की गई।

मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के अधिकांश स्थानों पर दिन का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा।

ओडिशा के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश पुजारी ने कहा कि सभी जिलों के कलेक्टर को खराब मौसम के कारण हुए नुकसान की जानकारी देने के निर्देश दिए गए हैं।

मौसम विभाग ने आठ मई तक खराब मौसम बने रहने का पूर्वानुमान किया है और लोगों को एहतियाती उपाय करने की सलाह दी है।

भाषा धीरज सुभाष

सुभाष