ओडिशा के जाजपुर में मिट्टी की अवैध खुदाई रोकने गए तहसीलदार पर हमला
ओडिशा के जाजपुर में मिट्टी की अवैध खुदाई रोकने गए तहसीलदार पर हमला
जाजपुर (ओडिशा), 18 अप्रैल (भाषा) ओडिशा के जाजपुर जिले में मिट्टी की अवैध खुदाई के खिलाफ छापेमारी करने गए एक तहसीलदार-सह-कार्यकारी मजिस्ट्रेट को बदमाशों ने कथित तौर पर ट्रैक्टर से कुचलने का प्रयास किया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
यह घटना कोरेई पुलिस थाना क्षेत्र के तहत मीनाबाजार चक के पास हुई।
घायल अधिकारी की पहचान व्यासनगर के तहसीलदार प्रशांत कुमार पांडा के रूप में हुई है।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि अनधिकृत रूप से मिट्टी की खुदाई करने की सूचना मिलने पर पांडा के नेतृत्व में एक टीम ने छापा मारा, जिस दौरान बदमाशों ने उन्हें ट्रैक्टर से कुचलने का प्रयास किया।
पांडा गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें पहले कोरेई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया गया, जिसके बाद बेहतर इलाज के लिए उन्हें कटक के एक अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया।
अधिकारियों ने बताया कि अवैध खुदाई में इस्तेमाल किए गए दो ट्रैक्टर और एक जेसीबी मशीन जब्त की गई है। हालांकि, आरोपी को अब तक गिरफ्तार नहीं किया जा सका है।
प्रारंभिक जांच के अनुसार जब छापेमारी की गई, उस समय मीनाबाजार गांव में एक समूह तालाब से अवैध रूप से मिट्टी निकाल रहा था, और यह हमला कथित तौर पर कानूनी कार्रवाई को रोकने का प्रयास था।
जाजपुर के जिलाधिकारी अंबर कुमार कर ने बताया कि घायल अधिकारी की हालत स्थिर है।
कर ने कहा, ‘‘पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और अवैध गतिविधियों में इस्तेमाल किए गए दो ट्रैक्टर और जेसीबी मशीन जब्त कर ली है।’’
भाषा सुभाष अविनाश
अविनाश

Facebook


