पश्चिम बंगाल में राष्ट्रपति के ‘अपमान’ को लेकर तेलंगाना भाजपा नेताओं ने तृणमूल सरकार की आलोचना की
पश्चिम बंगाल में राष्ट्रपति के ‘अपमान’ को लेकर तेलंगाना भाजपा नेताओं ने तृणमूल सरकार की आलोचना की
हैदराबाद, आठ मार्च (भाषा) केंद्रीय कोयला मंत्री जी. किशन रेड्डी और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की तेलंगाना इकाई के अध्यक्ष एन. रामचंद्र राव ने पश्चिम बंगाल सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के हालिया राज्य दौरे के दौरान ‘‘प्रोटोकॉल का घोर उल्लंघन’’ किया गया।
किशन रेड्डी ने कहा कि मुर्मू के पश्चिम बंगाल दौरे के दौरान जो कुछ हुआ उससे वह बेहद आहत हैं।
उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘भारत की राष्ट्रपति जो एक गौरवान्वित आदिवासी बेटी हैं, उनका पश्चिम बंगाल में अपमान किया गया। न मुख्यमंत्री, न कोई मंत्री उपस्थित था और जानबूझकर ऐसी जगह चुनी गई जहां संथाल लोग पहुंच भी नहीं सकते थे। यह प्रोटोकॉल का घोर उल्लंघन और हमारे राष्ट्र के सर्वोच्च पद का अपमान है।’’
तृणमूल कांग्रेस सरकार के आचरण को ‘‘शर्मनाक और अक्षम्य’’ बताते हुए उन्होंने कहा कि राज्य सरकार को राष्ट्रपति, संथाल समुदाय और हर भारतीय से बिना शर्त माफी मांगनी चाहिए।
रामचंद्र राव ने कहा कि पश्चिम बंगाल में जो कुछ हुआ उस पर दुख और चिंता व्यक्त करने को लेकर वह देश भर के नागरिकों के साथ खड़े हैं।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति मुर्मू द्वारा व्यक्त किए गए दुख भरे शब्द लाखों भारतीयों की भावनाओं को दर्शाते हैं।
राव ने कहा, ‘‘माननीय राष्ट्रपति के पश्चिम बंगाल दौरे की पूर्व सूचना होने के बावजूद जिस तरह की चीजें हुईं, वे स्थापित प्रोटोकॉल और संवैधानिक मर्यादा की चिंताजनक अवहेलना को दर्शाती हैं।’’
शनिवार को पश्चिम बंगाल में उस समय तीखी राजनीतिक खींचतान शुरू हो गई जब राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राज्य में आदिवासियों के बीच विकास की कमी का मुद्दा उठाया। इस पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने तीखी प्रतिक्रिया दी जबकि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने तृणमूल कांग्रेस पर राष्ट्रपति का अपमान करने का आरोप लगाया।
भाषा
सुरभि जोहेब
जोहेब

Facebook


