हैदराबाद, 12 मार्च (भाषा) तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी ने प्रदूषण पर नियंत्रण के उपायों के तहत अधिकारियों को राज्य के किसी भी सरकारी विभाग के लिए केवल इलेक्ट्रिक वाहन ही खरीदने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने यह भी निर्देश दिया कि पूरी तरह से शहरी क्षेत्र (सीयूआरई) में केवल इलेक्ट्रिक वाहनों को ही किराये पर लिया जाए। सीयूआरई में राज्य की राजधानी की सीमा भी आती है।
मुख्यमंत्री ने बुधवार रात परिवहन तथा सड़क एवं भवन विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की। एक आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार उन्होंने सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए लघु फिल्मों का निर्माण कर उनका व्यापक प्रदर्शन करने का सुझाव भी दिया।
बैठक के दौरान उन्होंने अधिकारियों को हैदराबाद के शमशाबाद में एक आधुनिक बस टर्मिनल स्थापित करने की योजना तैयार करने के निर्देश दिए, जहां एक हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर विकसित करने का प्रस्ताव है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हैदराबाद से पुणे, बेंगलुरू और चेन्नई के लिए हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर विकसित किए जाएंगे।
भाषा मनीषा माधव
माधव