हैदराबाद, 18 मई (भाषा) तेलंगाना की मंत्री डी. अनसूया सीतक्का ने सोमवार को यहां उस्मानिया विश्वविद्यालय में संवैधानिक कानून में एलएलएम पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए आयोजित परीक्षा दी। सूत्रों ने यह जानकारी दी।
पूर्व नक्सली सीतक्का इससे पहले राजनीति विज्ञान में पीएचडी, एलएलबी और कॉरपोरेट कानून में एलएलएम की पढ़ाई पूरी कर चुकी हैं।
सीतक्का 1980 के दशक के अंत में नक्सल आंदोलन से जुड़ी थीं। बाद में 1990 के दशक में हथियार छोड़कर उन्होंने मुख्यधारा की राजनीति का रुख किया।
आदिवासी समुदाय की मुखर नेता सीतक्का पहली बार वर्ष 2009 में तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) के टिकट पर मुलुगु (सुरक्षित) विधानसभा सीट से विधायक निर्वाचित हुई थीं।
वर्ष 2018 में वह कांग्रेस के टिकट पर विधानसभा पहुंचीं। वर्ष 2023 में एक बार फिर निर्वाचित होने के बाद उन्हें मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी के नेतृत्व वाली मंत्रिपरिषद में पंचायत राज और महिला एवं बाल कल्याण मंत्री बनाया गया।
भाषा अमित मनीषा
मनीषा