छोटी-मोटी नोकझोंक होती रहती है: शिंदे

Ads

छोटी-मोटी नोकझोंक होती रहती है: शिंदे

  •  
  • Publish Date - May 19, 2026 / 01:10 PM IST,
    Updated On - May 19, 2026 / 01:10 PM IST

ठाणे, 19 मई (भाषा) महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने ठाणे महानगर पालिका में शिवसेना और सहयोगी दल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बीच हुई तकरार को मामूली बताते हुए कहा कि दलों के बीच ‘‘छोटी-मोटी नोकझोंक’’ होती रहती है और सभी मुद्दे सौहार्दपूर्ण ढंग से सुलझा लिये जाएंगे।

ठाणे महानगर पालिका की शुक्रवार को आम सभा की बैठक में उस वक्त हंगामा हुआ जब भाजपा पार्षदों ने सत्तारूढ़ सहयोगी शिवसेना द्वारा एकसाथ 232 प्रस्ताव पारित कराने का विरोध किया।

उपमहापौर कृष्णा पाटिल और मुकेश मोकाशी समेत भाजपा पार्षदों ने शिवसेना के दो पार्षदों के खिलाफ राष्ट्रगान के कथित अपमान की शिकायत नौपाडा थाने में दर्ज करायी।

बाद में शिवसेना के एक नेता ने भाजपा के कई पार्षदों के निलंबन की मांग करते हुए उन पर महापौर पर हमले की कोशिश करने और राष्ट्रगान का अपमान करने का आरोप लगाया।

शिवसेना प्रमुख शिंदे ने सोमवार को ठाणे महानगर पालिका मुख्यालय में पार्टी के एक नेता के कार्यालय का उद्घाटन किया।

पिछले हफ्ते के घटनाक्रम के बारे में पूछे जाने पर उपमुख्यमंत्री शिंदे ने कहा, ‘‘दलों और पार्षदों के बीच छोटी-मोटी नोकझोंक होती रहती है, ये सुलझा ली जाएंगी। विभिन्न समितियों और नामांकन के लंबित मुद्दे भी समय पर हो जाएंगे।’’

इस बीच, शिवसेना पार्षद मनोज शिंदे ने सोमवार को ठाणे महापौर शर्मिला पिंपलोलकर को पत्र लिखकर राष्ट्रगान का कथित अपमान करने वाले भाजपा पार्षदों के तत्काल निलंबन और उनके खिलाफ एक मामला दर्ज करने की मांग की।

भाषा खारी अमित

अमित