हैदराबाद, 22 फरवरी (भाषा) तेलंगाना के नागरकुरनूल जिले में एक परिवार द्वारा गांव के कुछ लोगों के “हमले” के कारण उनकी दो महीने की बेटी की मौत हो जाने का आरोप लगाने के बाद, इस मामले में दर्ज केस के संबंध में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि यह कथित घटना 18 फरवरी को कुम्मेरा गांव में घटी, परिवार ने दावा किया कि मंदिर दर्शन के दौरान उनके साथ जाति के नाम पर दुर्व्यवहार भी किया गया।
हालांकि, समूह के एक ग्रामीण ने उसी दिन पुलिस में एक जवाबी शिकायत दर्ज कराई, जिसमें आरोप लगाया गया कि परिवार के साथ कहासुनी के दौरान उसपर पत्थरों से हमला किया गया, जिससे नवजात बच्ची के सिर में चोट आई। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया।
पुलिस ने बताया कि नवजात बच्ची की मौत 21 फरवरी को हुई, जिसके बाद उसकी मां ने एक और शिकायत दर्ज कराई, जिसमें आरोप लगाया गया कि उसकी बेटी की मौत कुछ ग्रामीणों द्वारा परिवार पर किए गए शारीरिक हमले के कारण हुई।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि शिकायत के आधार पर संदिग्ध मौत का मामला दर्ज किया गया है, और साथ ही यह भी बताया कि नवजात बच्ची के शरीर पर कोई बाहरी चोट के निशान नहीं थे।
उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम से मौत का सही कारण पता चलेगा और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने बताया कि अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है और इस घटना के संबंध में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
भाषा तान्या सुरेश
सुरेश