तेलुगु फिल्मों की अभिनेत्री ‘पावला’ श्यामला का 75 वर्ष की आयु में निधन

Ads

तेलुगु फिल्मों की अभिनेत्री ‘पावला’ श्यामला का 75 वर्ष की आयु में निधन

  •  
  • Publish Date - July 28, 2026 / 04:48 PM IST,
    Updated On - July 28, 2026 / 04:48 PM IST

हैदराबाद, 28 जुलाई (भाषा) तेलुगु फिल्मों की अभिनेत्री ‘पावला’ श्यामला का मंगलवार तड़के दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। वह 75 वर्ष की थीं।

अस्पताल सूत्रों ने बताया कि उम्र संबंधी बीमारियों का उस्मानिया सरकारी अस्पताल में इलाज करा रहीं श्यामला को दिल का दौरा पड़ा, जिससे उनका निधन हो गया।

मूवी आर्टिस्ट्स एसोसिएशन (एमएए) की संयुक्त सचिव ‘कराटे’ कल्याणी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि श्यामला का अंतिम संस्कार 29 जुलाई को हैदराबाद में किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि अंतिम संस्कार की सभी आवश्यक व्यवस्थाएं एमएए की ओर से की जाएंगी।

चार दशक से अधिक लंबे फिल्मी करियर में श्यामला ने अनेक तेलुगु फिल्मों में अभिनय किया। वर्ष 1980 के शुरुआती दशक में इसी नाम के एक चर्चित नाटक में उनके अभिनय के बाद उन्हें लोकप्रिय रूप से ‘पावला’ श्यामला के नाम से जाना जाने लगा।

दिग्गज फिल्मकार और दादासाहेब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित के. विश्वनाथ के निर्देशन में बनी ‘स्वर्ण कमलम’ तथा कृष्ण वामसी की ‘खड्गम’ में उनके अभिनय को विशेष सराहना मिली और इन्हीं फिल्मों से उन्हें व्यापक पहचान हासिल हुई।

पिछले कुछ वर्षों से श्यामला स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के साथ-साथ आर्थिक कठिनाइयों का भी सामना कर रही थीं।

भाषा तान्या नेत्रपाल

नेत्रपाल