महाराष्ट्र के ठाणे जिले के मीरा रोड इलाके में आवासीय सोसाइटी में बकरों को बांधने को लेकर तनाव
महाराष्ट्र के ठाणे जिले के मीरा रोड इलाके में आवासीय सोसाइटी में बकरों को बांधने को लेकर तनाव
मुंबई/ठाणे, 26 मई (भाषा) महाराष्ट्र के ठाणे जिले के मीरा रोड इलाके की एक आवासीय सोसाइटी में बकरीद से पहले कथित तौर पर अस्थायी शेड बनाने और कुर्बानी के बकरों को बांधने को लेकर उपजे विवाद के कारण तनाव पैदा हो गया, जिसके बाद पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा।
स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, यह विवाद रविवार को मीरा रोड के पास पूनम क्लस्टर क्षेत्र में स्थित ‘सृष्टि कॉम्प्लेक्स’ में तब शुरू हुआ, जब निवासियों और हिंदू संगठनों ने आवासीय कॉम्प्लेक्स परिसर में कुर्बानी के बकरों के लिए शेड बनाने पर आपत्ति जताई।
विरोध प्रदर्शनों के बाद इस अस्थायी ढांचे को हटा दिया गया, लेकिन मुस्लिम समुदाय के सदस्यों द्वारा कथित तौर पर विरोध में एकत्र होने और काशीमीरा थाने में शिकायत दर्ज कराए जाने के बाद तनाव और बढ़ गया।
एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत कराने के लिए हस्तक्षेप किया, लेकिन बाद में रात में कथित तौर पर हाथापाई हो गई।
सोमवार दोपहर को स्थिति उस समय और गंभीर हो गई जब विरोध कर रहे निवासी सोसाइटी के गेट पर एकत्र हो गए, नारेबाजी की, हनुमान चालीसा का पाठ किया और परिसर के भीतर एक सुअर लाने का प्रयास किया।
इस बीच, स्थानीय सूत्रों ने बताया कि परिसर में बकरों को कथित तौर पर वापस लाए जाने के विरोध में विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के कार्यकर्ता कॉम्प्लेक्स पहुंचे, जिस दौरान विहिप के एक पदाधिकारी और दो अन्य लोगों पर कथित तौर पर ब्लेड से हमला किया गया।
किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए मीरा-भायंदर के संवेदनशील इलाकों में बड़ी संख्या में पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है। एक अधिकारी ने बताया कि स्थिति नियंत्रण में है।
काशीमीरा थाने के वरिष्ठ निरीक्षक राजेंद्र कांबले ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि अब तक कोई मामला दर्ज नहीं किया गया है और आवासीय कॉम्प्लेक्स में पुलिस कर्मी तैनात हैं। उन्होंने घटना की संवेदनशील प्रकृति का हवाला देते हुए विस्तृत जानकारी देने से इनकार कर दिया।
इस पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए, भाजपा नेता किरीट सोमैया ने मंगलवार को आरोप लगाया कि कुछ मुस्लिम नेता नया नगर क्षेत्र को (जो मीरा रोड इलाके का हिस्सा है) ‘पाकिस्तानी मानसिकता का गढ़’ बनाने का प्रयास कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि आवासीय सोसाइटी से आधे से अधिक बकरों को हटा दिया गया है और शेष बकरों को भी दूसरी जगह स्थानांतरित कर दिया जाएगा।
सोमैया ने कहा, ‘किसी भी धर्म के लोग निर्धारित स्थानों पर अपने धार्मिक अनुष्ठान कर सकते हैं। लेकिन अगर कोई धार्मिक त्योहारों का इस्तेमाल हिंदुओं को भगाने के लिए करता है, तो इसे स्वीकार नहीं किया जाएगा।’
सोमैया ने कहा कि कुर्बानी के बाजारों के लिए उचित व्यवस्था करने की जिम्मेदारी नागरिक निकायों की है। पूर्व सांसद ने कहा, ‘यदि ये व्यवस्थाएं अपर्याप्त हैं, तो उनका विस्तार किया जाना चाहिए, लेकिन हम किसी भी आवासीय कॉम्प्लेक्स, आवासीय सोसाइटी या चॉल में खुलेआम बकरों की कुर्बानी देने की अनुमति नहीं देंगे।’
शिवसेना विधायक और मंत्री प्रताप सरनाईक ने शांति की अपील की और इस अशांति के लिए ‘बाहरी लोगों’ को जिम्मेदार ठहराया।
सरनाईक ने पत्रकारों से कहा, ‘सभी समुदायों के लोग यहां सदियों से शांतिपूर्वक रह रहे हैं। यह बाहरी लोग हैं जो आते हैं और ऐसे त्योहारी अवसरों पर स्थिति को बिगाड़ते हैं।’
भाषा सुमित माधव
माधव

Facebook


