तिरुवनंतपुरम, 21 मई (भाषा) केरल विधानसभा में पहली बार तीन सीट जीतने वाली भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधानसभा अध्यक्ष पद के चुनाव में अपना उम्मीदवार उतारेगी।
भाजपा की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर ने बृहस्पतिवार को संवाददाताओं से कहा कि पार्टी ने कोल्लम जिले की चत्तन्नूर सीट से नवनिर्वाचित विधायक बी. बी. गोपकुमार को विधानसभा अध्यक्ष पद का उम्मीदवार बनाने का फैसला किया है।
विधानसभा अध्यक्ष पद का चुनाव शुक्रवार को होगा। कांग्रेस नीत संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) ने इस पद के लिए वरिष्ठ नेता टी. राधाकृष्णन के नाम की घोषणा की है, जबकि विपक्षी वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) ने अभी तक अपने उम्मीदवार की घोषणा नहीं की है।
विधानसभा में भाजपा के तीन विधायक गोपकुमार, वी. मुरलीधरन और चंद्रशेखर स्वयं हैं।
चंद्रशेखर ने कहा, ‘‘केरल की राजनीति के इतिहास में पहली बार विधानसभा अध्यक्ष पद के चुनाव में भाजपा का उम्मीदवार होगा। गोपकुमार हमारे उम्मीदवार होंगे। उनका नाम मैं और मुरलीधरन प्रस्तावित करेंगे।’’
चंद्रशेखर अक्सर मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) नीत एलडीएफ और कांग्रेस नीत यूडीएफ पर केरल में मिलीभगत की राजनीति करने का आरोप लगाते रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि अब तक राज्य विधानसभा में कोई असली विपक्षी विधायक नहीं था।
विधायक के रूप में शपथ लेने के लिए विधानसभा जाते समय उन्होंने कहा, ‘‘यह सब बदलने के लिए हम तीनों विधायक आज शपथ ले रहे हैं और आज से अपना काम शुरू कर रहे हैं।’’
शपथ ग्रहण से पहले भाजपा के तीनों विधायकों ने यहां पलायम शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित की।
भाषा
खारी मनीषा वैभव
वैभव