(योषिता सिंह)
न्यूयॉर्क, 21 मई (भाषा) न्यूयॉर्क स्थित भारत का महावाणिज्य दूतावास भारतीय निर्यातकों को अपने उत्पाद अमेरिकी बाजार में पहुंचाने के लिए व्यापक जानकारी प्रदान करने के उद्देश्य से एक ‘वेबिनार’ आयोजित कर रहा है।
‘डिस्कवर पाथवे फॉर एक्सपोर्ट टू यूएसए फॉर इंडियन एक्सपोर्टर्स एंड एमएसएमई’ शीर्षक वाला यह ‘वेबिनार’ (ऑनलाइन सम्मेलन) अमेरिकी खुदरा कंपनी वॉलमार्ट के सहयोग से 29 मई को आयोजित किया जाएगा।
इसमें भारतीय निर्यातकों और आपूर्तिकर्ताओं के लिए आपूर्ति श्रृंखला और अन्य अनुपालन आवश्यकताओं से जुड़ी जानकारी दी जाएगी ताकि वे अपने उत्पादों को खासतौर पर अमेरिकी खुदरा दुकानों तक पहुंचा सकें।
सिएटल स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने न्यूयॉर्क वाणिज्य दूतावास के सहयोग से कॉस्टको होलसेल कॉरपोरेशन के साथ ऐसा ही ‘वेबिनार’ पिछले महीने आयोजित किया था। इसमें 200 से अधिक भारतीय निर्यातकों ने भाग लिया था।
न्यूयॉर्क स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने ‘पीटीआई-भाषा’ को भेजे बयान में कहा कि अगले सप्ताह होने वाले इस वेबिनार के माध्यम से अमेरिकी खुदरा कंपनी वॉलमार्ट भारतीय निर्यातकों के साथ बातचीत करेगी, ताकि उन्हें अमेरिका को निर्यात की प्रक्रिया समझने में मदद मिल सके।
ये निर्यात विशेष रूप से वॉलमार्ट के लिए होंगे, जिसके 19 देशों में 10,750 से अधिक स्टोर और कई ई-कॉमर्स वेबसाइट हैं।
विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने पिछले महीने वॉशिंगटन यात्रा के दौरान न्यूयॉर्क स्थित भारतीय मिशन द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में ‘इंडिया-यूएस ट्रेड फैसिलिटेशन पोर्टल’ (भारत व्यापार सुविधा मंच) पेश किया था।
विदेश मंत्रालय के अनुसार, यह मंच भारत-अमेरिका व्यापार एवं कारोबारी जुड़ाव को मजबूत करने के लिए तैयार किया गया है। इससे दोनों देशों के व्यवसायों, निवेशकों, संस्थानों और अन्य हितधारकों के बीच अधिक संवाद संभव हो पाएगा।
इसका उद्देश्य नए व्यापार अवसरों को खोलना, कारोबार करने में आसानी बढ़ाना, सूक्ष्म, लघु एवं मझोले उद्यमों (एमएसएमई) और स्टार्टअप का समर्थन करना और 2030 तक भारत-अमेरिका के बीच 500 अरब डॉलर के व्यापार लक्ष्य को हासिल करने के प्रयासों को तेज करना है।
दूतावास के बयान में कहा गया कि यह मंच विभिन्न क्षेत्रों के भारतीय निर्यातकों को अमेरिकी बाजार तक पहुंचने के तरीकों के बारे में जागरूक करने पर केंद्रित है।
भाषा निहारिका मनीषा
मनीषा