पंजाब के तख्त दमदमा साहिब में संपन्न हुआ ‘मीरी-पीरी खालसा मार्च’ का पहला चरण
पंजाब के तख्त दमदमा साहिब में संपन्न हुआ 'मीरी-पीरी खालसा मार्च' का पहला चरण
अमृतसर, पांच अगस्त (भाषा) ‘मीरी-पीरी खालसा मार्च’ का पहला चरण बुधवार को तलवंडी साबो स्थित तख्त श्री दमदमा साहिब में संपन्न हुआ। यह मार्च 24 जुलाई को अकाल तख्त से शुरू हुआ था।
मार्च का पहला चरण पंजाब के माझा और मालवा क्षेत्रों में होकर गुजरने के बाद समाप्त हो गया। इसका उद्देश्य अकाल तख्त के जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज द्वारा सिख मूल्यों को बढ़ावा देना और सिख समुदाय तक ‘क़ौमी’ संदेश पहुंचाना था।
यह मार्च बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की मौजूदगी में संपन्न हुआ। तख्त दमदमा साहिब पहुंचने पर ‘संगत’ ने आतिशबाजी के साथ इस मार्च का स्वागत किया।
सिखों के छठे गुरु, गुरु हरगोबिंद साहिब द्वारा मानवता की रक्षा, धार्मिक स्वतंत्रता, न्याय और आध्यात्मिक उत्थान के संदेश की याद में ‘मीरी-पीरी दिवस’ मनाया जाता है और यह मार्च इसी दिवस को समर्पित है।
इस मार्च का उद्देश्य विशेष रूप से युवा पीढ़ी के बीच ‘मीरी-पीरी’ के गहरे दर्शन का प्रसार करना, सिख एकता और पंथीय चेतना को मजबूत करना तथा अकाल तख्त साहिब की संप्रभुता और सर्वोच्च अधिकार को बढ़ावा देना है।
जत्थेदार ने बताया कि मीरी-पीरी खालसा मार्च का दूसरा चरण 23 अगस्त को शुरू होगा, जो तख्त दमदमा साहिब से तख्त केसगढ़ साहिब, आनंदपुर साहिब जाएगा। इसके बाद एक अन्य चरण में मार्च तख्त केसगढ़ साहिब से अमृतसर स्थित अकाल तख्त साहिब तक पहुंचेगा।
भाषा प्रचेता नरेश
नरेश

Facebook


