दिल्ली : मौसम विभाग ने जारी किया ‘येलो अलर्ट’, हल्की बारिश की संभावना

दिल्ली : मौसम विभाग ने जारी किया 'येलो अलर्ट', हल्की बारिश की संभावना

दिल्ली : मौसम विभाग ने जारी किया ‘येलो अलर्ट’, हल्की बारिश की संभावना
Modified Date: April 17, 2026 / 04:00 pm IST
Published Date: April 17, 2026 4:00 pm IST

नयी दिल्ली, 17 अप्रैल (भाषा) दिल्लीवासियों को शुक्रवार को तापमान में बढ़ोतरी के बीच असामान्य रूप से बादलों से घिरा हुआ आसमान देखने को मिला। इसी बीच, भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने राष्ट्रीय राजधानी में ‘येलो अलर्ट’ जारी करते हुए गरज के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई है।

मौसम विभाग के अनुसार, दिन में बाद में शहर के कुछ स्थानों पर गरज के साथ हल्की बारिश हो सकती है।

आईएमडी ने बताया कि शहर में न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम का अब तक का सबसे अधिक है, जबकि अधिकतम तापमान लगभग 39 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है।

मौसम वैज्ञानिकों ने मौजूदा परिस्थितियों की व्याख्या करते हुए कहा कि बादल छाए रहने का कारण राजस्थान के पश्चिमी हिस्सों तथा पड़ोसी देश पाकिस्तान के ऊपर उत्पन्न चक्रवाती परिसंचरण है।

उन्होंने कहा, ‘‘इन क्षेत्रों से धूल के कण दिल्ली-एनसीआर की ओर आ रहे हैं, जिसके चलते हवा में धूल की परत और वायु गुणवत्ता में गिरावट दर्ज की गई है।’’

विशेषज्ञों के अनुसार, राजस्थान के श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू और बीकानेर जैसे इलाकों में बृहस्पतिवार को गरज के साथ हल्की बारिश और आंधी चलने की गतिविधियां दर्ज की गई थीं। विशेषज्ञों का कहना है कि इसी मौसमी गतिविधि का असर दिल्ली के मौसम पर भी पड़ रहा है।

स्काईमेट के महेश पलावत ने कहा, ‘‘अगले दो से तीन दिनों में दिल्ली-एनसीआर तथा उत्तर-पश्चिम भारत में तापमान में और वृद्धि होने की आशंका है, जो संभवतः 41 से 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है और कुछ क्षेत्रों में उष्ण लहर की स्थिति उत्पन्न कर सकता है।’’

भाषा रवि कांत रवि कांत दिलीप

दिलीप


लेखक के बारे में