पूर्व सांसद प्रज्वल रेवन्ना से जुड़े दुष्कर्म मामले की मुख्य गवाह ने धमकी भरे फोन आने का दावा किया
पूर्व सांसद प्रज्वल रेवन्ना से जुड़े दुष्कर्म मामले की मुख्य गवाह ने धमकी भरे फोन आने का दावा किया
बेंगलुरु, 21 अगस्त (भाषा) कर्नाटक की हासन सीट से पूर्व सांसद प्रज्वल रेवन्ना के खिलाफ दुष्कर्म मामले में अभियोजन पक्ष की एक अहम गवाह ने अपनी और अपने बेटे की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। उन्होंने आरोप लगाया है कि यहां एक विशेष अदालत में गवाही देने के बाद उन्हें धमकी भरे फोन आए।
हासन जिले की रहने वाली 43 वर्षीय सामाजिक कार्यकर्ता ने बृहस्पतिवार को जिरह के दौरान यह मुद्दा उठाया। उनसे छह जुलाई को अभियोजन पक्ष की गवाह के तौर पर पूछताछ की गई थी।
अदालत ने उनके आरोपों पर संज्ञान लेते हुए अपराध अन्वेषण विभाग (सीआईडी) के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक को इन कथित धमकियों की जांच करने और अगली सुनवाई में रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया। साथ ही, अधिकारियों को कानून के मुताबिक गवाह को सुरक्षा मुहैया कराने का भी निर्देश दिया।
गवाह ने अदालत को यह भी बताया कि उन्हें आरोपियों से खतरा महसूस हो रहा है और कहा कि अगर उन्हें या उनके बेटे को कुछ भी होता है, तो इसके लिए आरोपियों को ही जिम्मेदार ठहराया जाना चाहिए।
यह घटनाक्रम ‘सेंट्रल क्राइम ब्रांच’ के कर्मचारियों द्वारा परप्पना अग्रहारा जेल की बैरक में प्रज्वल की कोठरी से एक मोबाइल फोन, चार्जर, पेन ड्राइव और ‘स्क्रिबलिंग पैड’ बरामद किए जाने के कुछ दिनों बाद सामने आया है।
प्रज्वल पूर्व प्रधानमंत्री एच.डी. देवेगौड़ा का पोता और होलेनरसीपुरा के विधायक एच.डी. रेवन्ना का बेटा है। प्रज्वल ने 2019 से 2024 तक लोकसभा में हासन सीट का प्रतिनिधित्व किया था।
उसे मई 2024 में यौन उत्पीड़न के मामलों के सिलसिले में गिरफ्तार किया गया था और बाद में दुष्कर्म मामले में दोषी ठहराया गया था।
बेंगलुरु की एक विशेष अदालत ने अगस्त 2025 में प्रज्वल को उम्रकैद की सजा सुनाई, जिसके बाद उसे परप्पना अग्रहारा जेल में रखा गया है।
भाषा शफीक संतोष
संतोष

Facebook


