सत्तारूढ़ गठबंधन का नाम नौ सितंबर को दिया जाएगा : मंत्री अरुणराज

Ads

सत्तारूढ़ गठबंधन का नाम नौ सितंबर को दिया जाएगा : मंत्री अरुणराज

  •  
  • Publish Date - September 6, 2026 / 05:35 PM IST,
    Updated On - September 6, 2026 / 05:35 PM IST

चेन्नई, छह सितंबर (भाषा) तमिलनाडु में सत्तारूढ़ गठबंधन अपनी अलग राजनीतिक पहचान स्थापित करने के लिए नौ सितंबर को होने वाली बैठक में आधिकारिक रूप से एक साझा गठबंधन नाम अपनाएगा। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री के जी अरुणराज ने रविवार को यह जानकारी दी।

मंत्री ने यहां संवाददाताओं से बातचीत में कहा, ‘‘हम एक नाम देंगे, क्योंकि हमारे गठबंधन के सहयोगी इसकी मांग कर रहे हैं। हमें एक पहचान बनाने और उसे मजबूत करने की जरूरत है।’’

कानून-व्यवस्था को लेकर विपक्ष के नेता उदयनिधि स्टालिन की हालिया आलोचना पर अरुणराज ने कहा कि मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय विधानसभा में इन मुद्दों पर विस्तृत जवाब देंगे। उन्होंने कहा, ‘‘हमारे माननीय मुख्यमंत्री निश्चित रूप से इन सभी सवालों का जवाब देंगे और जनता को भी जवाब देंगे।’’

उन्होंने विपक्ष की टिप्पणियों को ‘‘राजनीतिक लाभ लेने’’ की कोशिश करार दिया और कहा कि ये टिप्पणियां ‘‘जनता की भावनाओं से पूरी तरह कटी हुई’’ हैं।

मंत्री ने द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के आरोपों का जवाब देते हुए उसके पिछले कार्यकाल का उल्लेख किया और कहा कि ‘‘द्रमुक के चुनाव हारने का एक प्रमुख कारण कानून-व्यवस्था की स्थिति को ठीक से और बेहद खराब तरीके से संभालना था।’’

उन्होंने कहा कि पिछली सरकार ‘‘नियमित डीजीपी तक नियुक्त नहीं कर सकी’’, जबकि मौजूदा सरकार ने तेजी से पुलिस प्रमुख की नियुक्ति की, महिलाओं की सुरक्षा के लिए विशेष कार्यबल गठित किया और ‘‘नशीले पदार्थों के खतरे’’ से निपटने के लिए सक्रिय कदम उठाए।

बुनियादी ढांचे के मोर्चे पर अरुणराज ने चेन्नई के प्रस्तावित दूसरे हवाई अड्डे के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने कहा, ‘‘हम वैकल्पिक स्थल तलाशने की प्रक्रिया में हैं। इसलिए हम निश्चित रूप से चेन्नई के दूसरे ग्रीनफील्ड हवाई अड्डे के खिलाफ नहीं हैं।’’

उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार की आपत्ति केवल पहले चुने गए ‘‘स्थान और उस स्थल के चयन में उचित प्रक्रिया का पालन नहीं किए जाने’’ को लेकर थी।

इसके अलावा, मंत्री ने मुख्यमंत्री की आगामी लंदन यात्रा का भी उल्लेख किया और कहा कि इस यात्रा से निवेश आकर्षित होने की उम्मीद है, जिसमें खेल बुनियादी ढांचे में निवेश भी शामिल है, जिससे राज्य में खेल सुविधाओं को बढ़ावा मिलेगा।

भाषा अमित सुरेश

सुरेश