जयपुर, नौ दिसंबर (भाषा) राजस्थान के पूर्व शिक्षा मंत्री और भाजपा विधायक वासुदेव देवनानी ने शुक्रवार को कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में आज राजस्थान की स्थिति बदतर हो चुकी है और युवाओं में जबरदस्त आक्रोश है। उन्होंने कहा कि इसके लिए अशोक गहलोत सरकार पूर्ण रूप से जिम्मेदार है।
देवनानी ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘इस जंगलराज में युवाओं में उच्च शिक्षा श्रेणी में 50 प्रतिशत पद खाली होने को लेकर बहुत ही जबरदस्त आक्रोश है। कांग्रेस सरकार के कुशासन में विधार्थियों के साथ शिक्षक भी परेशान हैं।’’
उन्होंने दावा किया कि राज्य के 476 सरकारी महाविद्यालयों में से प्राचार्य के 386 पद खाली हैं एवं अतिथि व्याख्याता (गेस्ट फेकल्टी लेक्चरर) द्वारा विद्यार्थियों को पढ़ाया जा रहा है, जबकि स्थायी व्याख्याता (लेक्चरर) की आवश्यकता है।
देवनानी ने कहा कि आज राज्य में 27 महाविद्यालयों में पुस्तकालयाध्यक्ष के पद खाली पड़े हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार के मामले में शिक्षा विभाग चरम सीमा पर है।
उन्होंने कहा, ‘‘प्राइवेट स्कूलों में फीस निर्धारण को लेकर कोई पाबंदी नहीं है, प्राइवेट स्कूलों ने लूट मचा रखी है जिसका भार राजस्थान की आम जनता को वहन करना पड़ रहा है, जिसकी पूर्ण रूप से जिम्मेदारी कांग्रेस सरकार की है।’’
भाषा कुंज
राजकुमार
राजकुमार