‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना ने भाजपा सरकार के हर बड़े निर्णय का मार्गदर्शन किया: मुख्यमंत्री सावंत
'राष्ट्र प्रथम' की भावना ने भाजपा सरकार के हर बड़े निर्णय का मार्गदर्शन किया: मुख्यमंत्री सावंत
(फाइल फोटो के साथ)
पणजी, 11 जून (भाषा) गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने बृहस्पतिवार को कहा कि सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के लिए ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना हमेशा सबसे ऊपर रही है और उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने पिछले 12 साल में कुछ बड़े और साहसी फैसले लिए हैं।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने विभिन्न पहल के जरिए किसानों को सशक्त बनाया है और ग्रामीण आजीविका को मजबूत किया है।
भाजपा नेता ने ‘एक्स’ पर सिलसिलेवार पोस्ट में कहा, ‘‘राष्ट्र प्रथम की भावना हमारे लिए हमेशा सबसे ऊपर रही है, और इसलिए हम दृढ़ संकल्प के साथ ऐसे कई फैसले ले पाए हैं जिन्हें कभी असंभव माना जाता था।’’ उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय हित में साहसिक फैसले लेने का यह सफर और भी तेजी से आगे बढ़ेगा।
सावंत ने एक अन्य पोस्ट में किसानों के बारे में कहा, ‘‘भारत के अन्नदाता एक मजबूत और कहीं अधिक समृद्ध कृषि क्षेत्र बनाने में योगदान दे रहे हैं।’’
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के दूरदर्शी नेतृत्व में, विभिन्न क्रांतिकारी पहल ने देश भर के किसानों को सशक्त बनाया है। पीएम-किसान योजना के शुरू होने के बाद से अब तक 4.27 लाख करोड़ रुपये से अधिक राशि वितरित की गई है, जिससे किसानों को सीधे आर्थिक मदद मिली है और ग्रामीण आजीविका मजबूत हुई है।’’
भाषा सुभाष माधव
माधव

Facebook


