उत्तरी दिल्ली में कारोबारी के घर करोड़ों की चोरी, दो घरेलू सहायक संदेह के घेरे में

Ads

उत्तरी दिल्ली में कारोबारी के घर करोड़ों की चोरी, दो घरेलू सहायक संदेह के घेरे में

  •  
  • Publish Date - September 9, 2026 / 11:13 AM IST,
    Updated On - September 9, 2026 / 11:13 AM IST

नयी दिल्ली, नौ सितंबर (भाषा) उत्तरी दिल्ली के तिमारपुर इलाके में एक कारोबारी के घर से कथित तौर पर करोड़ों रुपये मूल्य के सोने और हीरे के आभूषण तथा नकदी की चोरी कर ली गई। ये वारदात ऐसे वक्त हुई जब कारोबारी अपने परिवार के साथ ऑस्ट्रेलिया गए हुए थे। पुलिस सूत्रों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

सूत्रों ने बताया कि कथित रूप से घर की चाबियां रखने वाले दो घरेलू सहायक संदेह के घेरे में हैं और घटना के बाद से उनका कोई सुराग नहीं मिल पा रहा है।

सूत्र ने बताया कि घटना का खुलासा रविवार सुबह तब हुआ जब कारोबारी का भतीजा मॉल रोड पर पहली मंजिल स्थित घर पहुंचा और उसने दरवाजे खुले पाए।

सूत्र ने कहा, ‘परिसर में प्रवेश करने पर उसने कमरों का सामान बिखरा हुआ और अलमारियां खुली पाईं। अलमारियों के भीतर रखे नकद रुपये और कीमती सामान गायब थे, जिसके बाद पुलिस को सूचित किया गया।’

उन्होंने बताया कि कारोबारी दो सितंबर को अपने परिवार के साथ ऑस्ट्रेलिया गए थे। उनका छोटा भाई इसी इमारत के दूसरे हिस्से में रहता है।

तिमारपुर थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंचीं और अपार्टमेंट तथा आसपास के इलाकों की सीसीटीवी फुटेज खंगाली।

सूत्र ने बताया कि शुरुआती जांच में शनिवार रात फ्लैट में दो घरेलू सहायकों – अनिल और विक्की की मौजूदगी का पता चला है।

दोनों के पास कथित तौर पर घर की चाबियां थीं और संदेह है कि वे परिसर में दाखिल हुए थे। चोरी की इस घटना के बाद से दोनों लापता हैं और पुलिस उन्हें पकड़ने के लिए कई स्थानों पर छापेमारी कर रही है।

सूत्र ने बताया कि संदिग्धों का सुराग लगाने और चोरी के माल को बरामद करने के लिए कई टीम का गठन किया गया है।

भाषा नोमान वैभव

वैभव