शिमला, 22 जून (भाषा) हिमाचल प्रदेश में धर्मशाला के पास सारा और बांदी इलाकों में रविवार शाम को दो जगहों पर जंगल में आग लग गई जिससे इस प्रभाग में जंगल की आग के कुल मामलों की संख्या बढ़कर 80 हो गई है।
धर्मशाला के संभागीय वन अधिकारी (डीएफओ) अमित शर्मा ने सोमवार को बताया कि घटना की जानकारी के बाद वन और अग्निशमन विभागों की टीम तुरंत मौके पर पहुंचीं और करीब चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
उन्होंने बताया कि वन विभाग के ऑनलाइन पोर्टल पर इस वर्ष अब तक जंगल में आग लगने की 78 घटनाएं दर्ज की गई हैं। हालिया घटनाओं को मिलाकर अब कुल मामलों की संख्या बढ़कर 80 हो गई है।
अधिरकारी ने बताया कि इन घटनाओं से लगभग 347 हेक्टेयर वन क्षेत्र प्रभावित हुआ है तथा प्रारंभिक आकलन के अनुसार, धर्मशाला वन प्रभाग को करीब 92 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
इसके साथ ही उन्होंने कहा कि अधिकांश मामलों में लोग अपनी खेतों को साफ करने के लिए आग लगाते हैं जो बाद में जंगलों में फैल जाती है।
शर्मा ने बताया कि आग से हुए नुकसान का अंतिम आकलन मानसून के बाद ‘दूसरे चरण की निगरानी’ में किया जाता है। इस दौरान प्रभावित इलाकों में पौधारोपण का अभियान चलाया जाता है और कई पौधे अपने-आप फिर से उग आते हैं, जिससे असल नुकसान के आंकड़ों में कमी आ सकती है।
उन्होंने बताया कि आग बुझाने के काम में लगे कर्मचारियों और ग्रामीणों की सुरक्षा वन विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके बावजूद, विभाग जंगल की आग को जल्द से जल्द नियंत्रित करने और वन संपदा को और अधिक नुकसान पहुंचने से रोकने के लिए हर संभव प्रयास करता है।
भाषा
प्रचेता नरेश
नरेश