राजस्थान में किसी के साथ अन्याय नहीं होगा : भजनलाल शर्मा

राजस्थान में किसी के साथ अन्याय नहीं होगा : भजनलाल शर्मा

राजस्थान में किसी के साथ अन्याय नहीं होगा : भजनलाल शर्मा
Modified Date: October 25, 2024 / 10:26 pm IST
Published Date: October 25, 2024 10:26 pm IST

जयपुर, 24 अक्टूबर (भाषा) राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शुक्रवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार लोगों को विश्वास दिलाती है कि प्रदेश कानून के अनुसार चलेगा और किसी के साथ अन्याय नहीं होगा।

उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा सरकार ने प्रदेश की प्रमुख समस्या पानी और बिजली के लिए काम किया है। किसानों के लिए सम्मान निधि देने के साथ घुमंतू और अर्द्ध घुमंतू वर्ग के लिए आवास सुविधा दी गई है। वहीं, दूसरी ओर कुछ लोग आम जनता के जज्बातों से खिलवाड़ करते हुए एक-दूसरे को लड़ाने का काम कर रहे हैं।’’

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘ कुछ असामाजिक तत्व क्षेत्र में अशांति फैलाने के साथ माताओं-बहनों के साथ दुर्व्यवहार कर रहे हैं। लेकिन, प्रदेश की भाजपा सरकार आपको विश्वास दिलाती है कि ये प्रदेश कानून के अनुसार ही चलेगा और किसी के साथ अन्याय नहीं होगा।’’

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शुक्रवार को खींवसर, संलुबर और चौरासी विधानसभा उप चुनावों में भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में आयोजित जनसभाओं को संबोधित किया।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने प्रदेश के सभी 200 विधानसभा क्षेत्रों में विकास के कार्य करवाए, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में प्रदेश की ‘डबल इंजन’ सरकार ने युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजन करने का कार्य किया है।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की प्राथमिकता क्षेत्र का विकास करना है। वहीं, दूसरी ओर महिलाओं के उत्पीड़न, गुंडागर्दी और अपराध पर लगाम लगाने का भी कार्य किया जा रहा है।

शर्मा ने खींवसर से भाजपा प्रत्याशी रेवंतराम डांगा, संलुबर से शांति देवी मीणा और चौरासी से कारीलाल ननोमा के समर्थन में जनसभा को संबोधित किया और क्षेत्र के विकास के लिए भाजपा के प्रत्याशी को भारी बहुमत के साथ जीत दिलाकर विधानसभा में भेजने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के लोग समाज को धर्म और जाति के नाम पर बांटने का काम करते हैं, झूठी बातें करके आमजन को बरगलाने का काम करते हैं।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार ने पहले ही साल एक लाख सरकारी नौकरी देने का वादा किया, 33 हजार नियुक्ति पत्र दिए, 90 हजार भर्तियों को कैबिनेट ने स्वीकृति दी और दो साल का भर्ती कैलेंडर जारी किया।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि प्रदेश में भाजपा की सरकार, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा क्षेत्र के विकास के लिए तत्पर है, वहीं केंद्र में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भी पहाड़ी इलाकों के विकास के लिए योजनाएं शुरू कर रहे है। ऐसे में केंद्र और राज्य सरकार विकसित राजस्थान के लिए मिलकर कार्य कर रहे है।

भाषा

कुंज, रवि कांत

रवि कांत


लेखक के बारे में