फरीदाबाद में 50 लाख की आभूषण लूट के मामले का तीसरा आरोपी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार

फरीदाबाद में 50 लाख की आभूषण लूट के मामले का तीसरा आरोपी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार

फरीदाबाद में 50 लाख की आभूषण लूट के मामले का तीसरा आरोपी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार
Modified Date: March 18, 2026 / 12:38 am IST
Published Date: March 18, 2026 12:38 am IST

फरीदाबाद, 17 मार्च (भाषा) फरीदाबाद जिले की पुलिस ने 50 लाख रुपये की आभूषण लूट के एक आरोपी को संक्षिप्त मुठभेड़ के बाद मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया, जिससे इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या तीन हो गई है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों के अनुसार, मुठभेड़ के दौरान आरोपी धरमबीर के पैर में गोली लगी और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अपराध शाखा इससे पहले मुजफ्फरनगर जिले से साकिब और जावेद को गिरफ्तार कर चुकी है।

पुलिस के मुताबिक, 11 मार्च को सरूरपुर गांव में एक सुनार की दुकान में लूट की वारदात हुई थी। पहले गिरफ्तार दोनों आरोपियों से पूछताछ में जांच अधिकारियों को पता चला कि लूट के बाद तीनों ने मंगलवार को सूरजकुंड के पास मिलने की योजना बनाई थी और दिल्ली में एक बड़ी चोरी को अंजाम देने की तैयारी कर रहे थे।

अपराध शाखा की टीम मंगलवार तड़के सूरजकुंड रोड पर पहुंची।

इस संबंध में एक अधिकारी ने बताया कि जैसे ही आरोपी मोटरसाइकिल पर वहां पहुंचा, उसने पुलिस टीम को देखकर गोली चला दी।

पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी।

फरीदाबाद पुलिस के प्रवक्ता ने बताया कि उत्तर प्रदेश के संभल जिले के रसूलपुर गांव निवासी धरमबीर को सूरजकुंड स्थित शूटिंग रेंज रोड पर मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया।

उन्होंने बताया कि उसके खिलाफ उत्तर प्रदेश में लूट, डकैती और अन्य अपराधों से संबंधित चार मामले पहले से दर्ज हैं।

भाषा खारी नेत्रपाल

नेत्रपाल


लेखक के बारे में