बीडीएस छात्र की मौत के मामले में नोएडा से गिरफ्तार तीन आरोपी न्यायिक हिरासत में भेजे गए
बीडीएस छात्र की मौत के मामले में नोएडा से गिरफ्तार तीन आरोपी न्यायिक हिरासत में भेजे गए
कन्नूर, 18 अप्रैल (भाषा) केरल के एक दंत चिकित्सा कॉलेज के प्रथम वर्ष के बीडीएस छात्र की मौत के मामले में कन्नूर की साइबर अपराध पुलिस टीम द्वारा उत्तर प्रदेश के नोएडा से गिरफ्तार किए गए तीन लोगों को शनिवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
कन्नूर पुलिस के अनुसार, उत्तर प्रदेश के निवासी ऋषिकेश तिवारी (32) और प्रशांत खेवाल (28) तथा हरियाणा के प्रकाश जय (54) को नोएडा के एक आईटी पार्क जैसे प्रतिष्ठान से गिरफ्तार किया गया, जहां करीब 40 लोग काम कर रहे थे। इस कार्रवाई में उत्तर प्रदेश पुलिस ने भी सहयोग किया।
तीनों आरोपियों को कन्नूर के न्यायिक प्रथम श्रेणी मजिस्ट्रेट अदालत ने न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
इस बीच, छात्र के परिजनों ने यह दावा दोहराया कि उसकी मौत का ऋण उपलब्ध कराने वाले एक ऐप से कोई संबंध नहीं है और उन्होंने पुलिस जांच पर असंतोष जताया।
पुलिस ने बताया कि ‘इंस्टेंट फंड्स’ नामक एक ऐप चलाने के आरोप में गिरफ्तार इन तीनों आरोपियों को मृतक छात्र के एक शिक्षक द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर पकड़ा गया।
पुलिस के अनुसार बीडीएस के छात्र नितिन राज आर एल (22) ने इस ऐप के जरिये कर्ज लिया था और उसे चुकाने में असफल रहने पर बार-बार उस शिक्षक के फोन नंबर पर कॉल और संदेश भेजे गए, जिनका नाम संदर्भ के रूप में दिया गया था।
आरोप है कि कॉल करने वालों ने पैसे नहीं चुकाने पर शिक्षक को परेशान करते रहने की धमकी दी। एक नंबर ब्लॉक किए जाने पर अन्य नंबरों से भी कथित तौर पर उत्पीड़न जारी रहा, जिसके बाद शिक्षक ने शिकायत दर्ज कराई।
जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि उत्पीड़न के लिए इस्तेमाल किए गए अधिकांश नंबर बंद थे, लेकिन एक नंबर सक्रिय था, जिसके जरिये आरोपियों के नोएडा में होने का पता चला।
इसके बाद साइबर अपराध टीम नोएडा पहुंची, आरोपियों के कार्यस्थल का पता लगाया और उत्तर प्रदेश पुलिस की मदद से उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
भाषा रवि कांत सुरेश
सुरेश

Facebook


