जयपुर, 25 नवंबर (भाषा) राजस्थान पुलिस ने कोटपूतली कस्बे में गैंगस्टर के नाम की जैकेट बेचते तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। इनसे 35 जैकेट जब्त की गई हैं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी ।
कोटपूतली-बहरोड़ के जिला पुलिस अधीक्षक देवेंद्र कुमार बिश्नोई ने बताया कि एक सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कोटपूतली कस्बे के सिटी प्लाजा से गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के नाम का प्रचार करने वाली जैकेट बेचते हुए तीन व्यक्तियों को गिरफ्तार किया। इनके पास से 35 जैकेट जब्त की गईं।
गिरफ्तार लोगों में कृष्ण उर्फ गुड्डू (38), संजय सैनी (31) और सुरेशचन्द शर्मा (50) शामिल हैं। ये तीनों ही कोटपूतली क्षेत्र के निवासी हैं।
बिश्नोई ने स्पष्ट किया कि इस प्रकार के काम समाज में अपराध को बढ़ावा देते हैं और युवाओं को गुमराह करते हैं। उन्होंने कहा कि अपराधियों/गैंगस्टरों का महिमामंडन करने वाले या उनका किसी भी रूप में प्रचार-प्रसार करने वाले व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।
भाषा पृथ्वी
संतोष
संतोष