दिल्ली में रसोई गैस सिलेंडर की कालाबाजारी के मामले में तीन लोग गिरफ्तार

दिल्ली में रसोई गैस सिलेंडर की कालाबाजारी के मामले में तीन लोग गिरफ्तार

दिल्ली में रसोई गैस सिलेंडर की कालाबाजारी के मामले में तीन लोग गिरफ्तार
Modified Date: April 18, 2026 / 07:05 pm IST
Published Date: April 18, 2026 7:05 pm IST

नयी दिल्ली, 18 अप्रैल (भाषा) दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के शाहीन बाग इलाके में घरेलू एलपीजी (रसोई गैस) सिलेंडरों की जमाखोरी और कालाबाजारी के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, सब्सिडी वाले एलपीजी सिलेंडरों की अवैध रूप से रिफिलिंग और बिक्री के बारे में मिली सूचना के बाद अपराध शाखा द्वारा 40 फुटा रोड पर की गई छापेमारी के बाद आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के एक अधिकारी ने कहा, “आरोपियों के कब्जे से कुल 108 एलपीजी सिलेंडर और दो वाहन बरामद किए गए, जिनमें एक छोटा वाणिज्यिक वाहन और परिवहन के लिए इस्तेमाल होने वाली एक पिकअप वैन शामिल है।”

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हरियाणा के फरीदाबाद निवासी कुलदीप (35), आशीष (22) और विजय (28) के रूप में हुई है।

जांच के दौरान पता चला कि आरोपी घरेलू उपयोग के लिए निर्धारित सब्सिडी वाले एलपीजी सिलेंडर कम कीमत पर खरीदते थे और अवैध रूप से गैस को अन्य सिलेंडरों में स्थानांतरित कर खुले बाजार में ऊंचे दामों पर बेचते थे।

पुलिस ने बताया कि आरोपियों में से एक कुलदीप, पहले भी एक आपराधिक मामले में शामिल रहा है। इस गिरोह की पूरी आपूर्ति शृंखला और इसमें शामिल अन्य लोगों की पहचान के लिए विस्तृत जांच जारी है।

भाषा रवि कांत सुरेश

सुरेश


लेखक के बारे में