दिल्ली-एनसीआर में तीन दिवसीय परिवहन हड़ताल

दिल्ली-एनसीआर में तीन दिवसीय परिवहन हड़ताल

दिल्ली-एनसीआर में तीन दिवसीय परिवहन हड़ताल
Modified Date: May 21, 2026 / 04:47 pm IST
Published Date: May 21, 2026 4:47 pm IST

नयी दिल्ली, 21 मई (भाषा) दिल्ली सरकार की ओर से वाणिज्यिक वाहनों पर पर्यावरण मुआवजा उपकर लगाए जाने के साथ ही सीएनजी की कीमतों में वृद्धि के विरोध में ट्रांसपोर्ट और टैक्सी संगठनों ने बृहस्पतिवार को दिल्ली-एनसीआर में तीन दिवसीय हड़ताल शुरू की।

ट्रक चालकों, निजी बसों, टैक्सी और मैक्सी कैब संचालकों की सर्वोच्च संस्था ‘ऑल इंडिया मोटर ट्रांसपोर्ट कांग्रेस’ (एआईएमटीसी) ने मंगलवार को इस हड़ताल का आह्वान किया था। यह हड़ताल 23 मई तक जारी रहेगी।

इस हड़ताल के तहत संजय गांधी ट्रांसपोर्ट नगर जैसे औद्योगिक क्षेत्रों में ट्रक खड़े थे। नयी दिल्ली रेलवे स्टेशन, आनंद विहार और मंडी हाउस सहित राष्ट्रीय राजधानी के कुछ व्यस्त स्थानों पर यात्रियों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।

यूनियन द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, यह हड़ताल ‘वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम), अदालतों और दिल्ली सरकार द्वारा परिवहन क्षेत्र पर थोपी गई अनुचित नीतियों’ के विरोध में की गई है।

दिल्ली में वाणिज्यिक वाहन चालकों के संगठनों ने भी इस हड़ताल को अपना समर्थन दिया है। उन्होंने ईंधन की बढ़ती कीमतों के मद्देनजर टैक्सी और ऑटो के किराए में वृद्धि की भी मांग की है।

चालक शक्ति यूनियन के उपाध्यक्ष अनुज कुमार राठौर ने कहा कि सीएनजी, पेट्रोल और डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों के कारण वाहन चालकों को अपने परिवारों का भरण-पोषण करने में कठिनाई हो रही है।

उन्होंने कहा, ‘इसलिए, दिल्ली के अन्य संगठनों के साथ मिलकर चालक शक्ति यूनियन ने चक्का जाम का आह्वान किया है और 21, 22 तथा 23 मई को वाहन नहीं चलाने की अपील की है।’

हालांकि, छह ऑटो रिक्शा यूनियनों ने खुद को इस हड़ताल से अलग रखा है।

भाषा प्रचेता अविनाश

अविनाश


लेखक के बारे में