टिहरी में खाद्य विषाक्तता से तीन दर्जन लोग बीमार पड़े

टिहरी में खाद्य विषाक्तता से तीन दर्जन लोग बीमार पड़े

टिहरी में खाद्य विषाक्तता से तीन दर्जन लोग बीमार पड़े
Modified Date: April 16, 2026 / 07:28 pm IST
Published Date: April 16, 2026 7:28 pm IST

नयी टिहरी, 16 अप्रैल (भाषा) उत्तराखंड के टिहरी जिले के चंबा क्षेत्र में करीब तीन दर्जन लोग खाद्य विषाक्तता के कारण बीमार हो गए, जिसके बाद उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

हालांकि, अधिकारियों ने बताया कि सभी पीड़ितों की हालत स्थिर है।

अधिकारियों के मुताबिक, 13-14 अप्रैल को बादशाहीथौल में एक विवाह समारोह में खाना खाने के बाद ढरसाल गांव के 35 लोगों को उल्टी, दस्त और पेट दर्द की शिकायत हो गई।

उन्होंने बताया कि इनमें से 20 लोगों को बुधवार को, जबकि 15 अन्य को बृहस्पतिवार को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।

जिला अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अमित राय ने बताया कि अस्पताल में भर्ती कराए गए 35 लोगों में से कुछ लोग ठीक होकर घर चले गए हैं। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की एक टीम को गांव में भेजा गया है।

अधिकारियों के अनुसार, जिस होटल में विवाह समारोह का आयोजन किया गया था, वहां से खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों ने सात पकवानों के नमूने एकत्र कर जांच के लिए भेज दिए हैं। उन्होंने बताया कि होटल का खाना बनाने का लाइसेंस भी रद्द कर दिया गया है।

भाषा

सं दीप्ति पारुल

पारुल


लेखक के बारे में