माउंट एवरेस्ट पर चढ़ने का नया रिकार्ड बनाने वाले 274 लोगों में तीन भारतीय शामिल
माउंट एवरेस्ट पर चढ़ने का नया रिकार्ड बनाने वाले 274 लोगों में तीन भारतीय शामिल
काठमांडू, 21 मई (भाषा) नेपाल की तरफ से माउंट एवरेस्ट पर सफलतापूर्वक चढ़ाई करने वाले 274 पर्वतारोहियों में तीन भारतीय भी शामिल थे, जिन्होंने एक दिन में सबसे अधिक चढ़ाई का नया रिकॉर्ड बनाया।
सभी 274 पर्वतारोही बुधवार को 8,848.86 मीटर ऊंचे शिखर पर पहुंच गए।
नेपाल में एक्सपेडिशन ऑपरेटर्स एसोसिएशन के महासचिव ऋषि राम भंडारी ने बताया कि इन पर्वतारोहियों में 150 नेपाली शेरपा भी शामिल थे, जिन्होंने एक ही दिन में शिखर पर विजय प्राप्त की।
विश्व रिकॉर्ड बनाने वाली टीम में शामिल तीन भारतीय पर्वतारोही तुलसी रेड्डी पालपुनूरी, संदीप अरे और अजय पाल सिंह धालीवाल हैं।
उन्होंने बताया कि इस वसंत ऋतु में एवरेस्ट पर चढ़ने वालों द्वारा बनाया गया यह नया रिकॉर्ड है।
उन्होंने यह भी बताया कि वर्ष 2026 के वसंत में एवरेस्ट पर चढ़ने के लिए 502 पर्वतारोहियों को अनुमति मिल चुकी है।
इससे पहले, मई 2019 में नेपाल की तरफ से एक ही दिन में 223 पर्वतारोही शिखर पर पहुंचे थे।
बृहस्पतिवार को भारत के लक्ष्मीकांत मंडल ने भी विश्व की सर्वोच्च चोटी पर विजय प्राप्त की।
अभियान के आयोजक पायनियर एडवेंचर प्राइवेट लिमिटेड के अनुसार, मंडल ने छह नेपाली शेरपाओं सहित आठ अन्य लोगों के साथ एवरेस्ट पर चढ़ाई की।
इस वसंत ऋतु में स्थापित अन्य नए रिकॉर्ड नेपाल के कामी रीता शेरपा ने बनाए हैं, जिन्होंने 32वीं बार शिखर पर चढ़कर अपना ही रिकॉर्ड तोड़ा है।
इसी प्रकार, नेपाल की ल्हाकपा शेरपा इस सीजन में रिकॉर्ड 11वीं बार माउंट एवरेस्ट पर चढ़ने वाली पहली महिला बनीं।
भाषा राखी रंजन
रंजन

Facebook


