दक्षिणपूर्वी दिल्ली में सात वर्षीय बच्ची से बलात्कार के आरोप में तीन नाबालिग पकड़े गए
दक्षिणपूर्वी दिल्ली में सात वर्षीय बच्ची से बलात्कार के आरोप में तीन नाबालिग पकड़े गए
नयी दिल्ली, 15 मार्च (भाषा) दक्षिणपूर्वी दिल्ली के ओखला औद्योगिक क्षेत्र में सात वर्षीय बच्ची के साथ कथित तौर पर बलात्कार करने के आरोप में 12 से 13 वर्ष की आयु के तीन लड़कों को पकड़ा गया। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि इलाके में तीन लड़कों द्वारा एक नाबालिग बच्ची के साथ कथित बलात्कार की सूचना 14 मार्च को पीसीआर को मिली।
बाद में लड़की को उसकी मां के साथ पुलिस थाने में लाया गया, जबकि तीनों संदिग्धों को भी पूछताछ के लिए वहां लाया गया।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए जांच में एक महिला अधिकारी को भी शामिल किया गया है।
बाद में लड़की को उसकी मां और एक महिला कांस्टेबल के साथ चिकित्सा जांच के लिए एम्स ले जाया गया। चिकित्सकों ने जांच में पाया कि 12 से 13 वर्ष की आयु के तीन नाबालिगों ने कथित तौर पर लड़की के साथ बलात्कार किया था।
प्रारंभिक पूछताछ के दौरान, लड़की ने पुलिस को बताया कि 12 और 13 मार्च की दिनदहाड़े तीनों लड़के उसे उसके घर के पास एक गोदाम में ले गए थे। उसने आरोप लगाया कि लड़कों ने उसके अंतर्वस्त्र उतार दिए और बारी-बारी से उसके साथ बलात्कार करने की कोशिश की।
अधिकारी ने बताया कि उनके बयान के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 70 (बलात्कार) और 351 (आपराधिक धमकी) के साथ-साथ यौन उत्पीड़न से बच्चों का संरक्षण अधिनियम (पॉक्सो) की धारा 6 (गंभीर यौन उत्पीड़न) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज होने के कुछ ही घंटों के भीतर तीनों नाबालिगों को गिरफ्तार कर लिया गया। वे ओखला क्षेत्र के निवासी हैं और आर्थिक रूप से कमजोर पृष्ठभूमि से आते हैं।
पुलिस ने बताया कि आरोपी नाबालिगों का आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है और मामले की जांच जारी है।
भाषा राखी रंजन
रंजन

Facebook


