कटनी (मध्यप्रदेश), 14 जून (भाषा) मध्यप्रदेश के कटनी जिले में रविवार को एक तेज रफ्तार ट्रक ने एक यात्री बस को कथित तौर पर टक्कर मार दी, जिसकी वजह से एक महिला समेत तीन यात्रियों की मौत हो गई। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि यह दुर्घटना कुथला थाना क्षेत्र के अंतर्गत औद्योगिक क्षेत्र में स्थित एक पुल के पास हुई, जब करीब 35 यात्रियों को लेकर बस कटनी से विजयराघवगढ़ की जा रही थी, जबकि ट्रक विपरीत दिशा से आ रहा था।
कटनी के पुलिस अधीक्षक अभिनव विश्वकर्मा ने फोन पर ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि ब्रेक फेल होने के बाद ट्रक नियंत्रण से बाहर हो गया और फिर एक कार और फिर निजी बस से टकरा गया।
उन्होंने कहा कि टक्कर इतनी तेज थी कि बस पलट गई और कई यात्री अंदर फंस गए।
उन्होंने बताया कि 35 मिनट से अधिक समय तक चले अभियान के दौरान बस को उठाने और फंसे हुए यात्रियों को बाहर निकालने के लिए क्रेन का इस्तेमाल किया गया।
पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान किशन कोल (30), नीलम प्रजापति और राजू चौधरी (26) के रूप में हुई है।
अधिकारी ने बताया कि गंभीर रूप से घायल एक लड़की को जबलपुर संभागीय मुख्यालय के सरकारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
उन्होंने बताया कि अन्य का जिला अस्पताल में इलाज किया जा रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टक्कर के बाद बस में अफरा-तफरी मच गई और यात्री बस के अंदर और नीचे फंस गए। ट्रक के केबिन में एक व्यक्ति भी फंसा हुआ था।
प्रशासनिक अधिकारियों और स्थानीय निवासियों के साथ तीन पुलिस थानों की टीमों ने फंसे हुए लोगों को निकालने के लिए क्रेन की मदद से बचाव अभियान शुरू किया।
पुलिस ने बताया कि कटनी-विजयराघवगढ़ मार्ग पर यातायात करीब एक घंटे तक बाधित रहा और फिर इसे बहाल कर दिया गया।
विश्वकर्मा ने कहा कि पुलिस दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच कर रही है।
दुर्घटना के समय खजुराहो के सांसद विष्णु दत्त शर्मा भी शहर में थे।
उन्होंने भी घटनास्थल का दौरा किया और घायलों का हालचाल पूछा।
शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री संबल योजना के तहत मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की सहायता राशि दी जाएगी, साथ ही रेडक्रॉस सोसायटी के माध्यम से भी तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
भाषा ब्रजेन्द्र
जोहेब
जोहेब