झारखंड में दो अलग अलग सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत
झारखंड में दो अलग अलग सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत
गिरिडीह/गोड्डा, पांच मई (भाषा) झारखंड के गिरिडीह और गोड्डा जिलों में मंगलवार को हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई और पांच अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, गिरिडीह जिले में सरिया-राजधनवार मुख्य मार्ग पर मखमर्गो पंचायत भवन के पास तेज रफ्तार एक पिकअप वैन ने दो बुजुर्गों (एक पुरुष और एक महिला) को पीछे से टक्कर मार दी।
बिरनी थाना प्रभारी आकाश कुमार ने बताया, ‘ पीड़ित पैदल जा रहे थे, तभी वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। जिसके बाद दोनों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि घटना में घायल एक अन्य व्यक्ति को बगोदर के सरकारी अस्पताल ले जाया गया। तीनों पीड़ितों की उम्र 60 से 70 वर्ष के बीच थी।’
उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान अभी नहीं हो पाई है और वाहन को जब्त कर लिया गया है।
वहीं दूसरा सड़क हादसा गोड्डा जिले के पथरगामा थाना क्षेत्र के अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग-133 पर एक ओवरब्रिज पर हुआ। एक एसयूवी डिवाइडर से टकरा गई जिसके कारण वाहन में मौजूद परिवार के पांच सदस्यों में से 17 वर्षीय एक लड़की की मौत हो गई जबकि अन्य चार घायल हो गए।
पथरगामा थाना प्रभारी शिवदयाल सिंह ने कहा, ‘एक परिवार रांची से गुवाहाटी जा रहा था। तेज रफ्तार के कारण चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और वह डिवाइडर से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन सड़क पर 35 फुट तक घिसटता चला गया, जिससे लड़की की मौत हो गई और चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।’
थाना प्रभारी के अनुसार, यह परिवार रांची के खेलगांव का रहने वाला है। मृतका का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और घायलों का दो अलग-अलग अस्पतालों में इलाज किया जा रहा है।
भाषा प्रचेता नरेश
नरेश

Facebook


