गोड्डा, तीन मई (भाषा) झारखंड के गोड्डा जिले में रविवार को दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में तीन लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, महागामा थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच)-133 पर एक तेज रफ्तार ट्रक ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी, जिससे दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
महागामा थाना प्रभारी मनोज कुमार पाल के अनुसार मृतकों की पहचान बिहार के कटिहार जिला निवासी विपिन कुमार (30) और नुनाजोर गांव के सत्यम कुमार यादव (22) के रूप में हुई है।
उन्होंने बताया, “तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से दोनों मोटरसाइकिल सवारों की मौके पर ही मौत हो गई। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।”
एक अन्य हादसे में टाउन थाना क्षेत्र के सरकंडा गांव के पास दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने की टक्कर में 30 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया।
टाउन थाने के प्रभारी दिनेश महली ने बताया, “मोटरसाइकिल सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है। दोनों मोटरसाइकिलों को जब्त कर लिया गया है।”
भाषा रवि कांत रवि कांत सुभाष
सुभाष