गुरुग्राम, 15 सितंबर (भाषा) गुरुग्राम में दिल्ली-जयपुर राजमार्ग पर खेड़की दौला टॉल प्लाजा के पास एक ट्रक से मोटरसाइकिल के टकरा जाने पर उसपर सवार दो नाबालिगों समेत तीन लोगों की मौत हो गयी। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि तीनों शव पोस्टमार्टम के लिए ले जाये गये तथा हादसे की जांच की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक मृतकों की पहचान सेक्टर 37 की अंजना कॉलोनी के मोहम्मद अरमान (14), प्रिंस कुमार (14) एवं नवनीत कुमार (19) के रूप में हुई है।
पुलिस का कहना है कि नवनीत मोटरसाइकिल चला रहा था एवं उसके पास ड्राइविंग लाइसेंस नहीं था तथा तीनों में से किसी ने भी हेलमेट नहीं पहन रखा था।
पुलिस ने बताया कि रविवार रात ये तीनों खेड़की दौला गए थे और सोमवार सुबह लौट रहे थे, तभी टोल प्लाज़ा के पास वापस मुड़ रहे एक ट्रक के पिछले हिस्से से उनकी मोटरसाइकिल पीछे से टकरा गई।
पुलिस के अनुसार, इस हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें सेक्टर 10 के सिविल अस्पताल ले जाया गया।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद अरमान को मृत घोषित कर दिया। बाद में शाम को, बाकी दो लोगों ने भी दम तोड़ दिया। ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। सीसीटीवी फुटेज खंगाला जा रहा है। मामले की जांच चल रही है।’’
भाषा
राजकुमार मनीषा
मनीषा