गुरुग्राम, 15 सितंबर (भाषा) गुरुग्राम में कार की टक्कर से घायल हुई बाइक सवार महिला ने सोशल मीडिया पर एक नया वीडियो जारी कर आरोपी कल्याण बैंसला पर गंभीर आरोप लगाए हैं जिसके खिलाफ अब हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया है। बैंसला ने दावा किया था कि यह महज एक दुर्घटना थी।
शिवानी चौहान उर्फ सिया ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर डाले गए वीडियो में सवाल किया कि अगर बैंसला दुर्घटना को लेकर वास्तव में परेशान था तो टक्कर लगने के बाद वह घटनास्थल पर क्यों नहीं रुका।
गुरुग्राम पुलिस ने मामले में अब भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109 के तहत हत्या के प्रयास का आरोप दर्ज किया है जिसमें 10 साल तक के कारावास का प्रावधान है।
गुरुग्राम पुलिस ने इससे पहले मामले का स्वत: संज्ञान लेते हुए सेक्टर-56 थाने में मामला दर्ज किया था। सहायक पुलिस आयुक्त (मुख्यालय) अभिलक्ष जोशी के अनुसार, आरोपी चालक के खिलाफ भारतीय बीएनएस की धारा 281 (लापरवाही से वाहन चलाना) और धारा 125 (चोट पहुंचाना) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
सिया ने यह आरोप भी लगाया कि महिला बाइक सवार होने के कारण उसे निशाना बनाया गया और उसे रोकने की जानबूझकर कोशिश की गई। उसने दावा किया कि उसकी जान जा सकती थी और दुर्घटना के बाद आरोपी ने यह तक जानने की कोशिश नहीं की कि वह सुरक्षित है या नहीं।
सिया ने कहा कि बैंसला ने अपनी कार से टक्कर मारने के बाद एक सेकंड के लिए भी गाड़ी नहीं रोकी। उन्होंने कहा, ‘मुझे ऐसे लोगों पर शर्म आती है। दिल्ली और गुरुग्राम की सड़कों पर महिलाएं खुद को असुरक्षित महसूस करती हैं।’
उसने कहा कि हिट-एंड-रन मामले से संबंधित सामने आए दोनों वीडियो पर्याप्त तौर पर इस मामले के सबूत हैं। उन्होंने कहा कि दुर्घटना पूरी तरह कैमरे में कैद हुई है, जिसमें कार को उनकी बाइक को टक्कर मारते और चालक को मौके से भागते हुए साफ देखा जा सकता है। सिया ने कहा कि ऐसे लोगों को गाड़ी चलाना ‘सिखाया जाना चाहिए।’
इस बीच, पीछे से आ रहे एक अन्य बाइक सवार के कैमरे में रिकॉर्ड हुआ वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
एक इंस्टाग्राम हैंडल से साझा किए गए वीडियो में कार चालक पहले सिया को रुकने का इशारा करता दिखाई देता है। जब उसने गाड़ी नहीं रोकी तो आरोपी ने कार उसकी स्पोर्ट्स बाइक की ओर मोड़ी और उसे साइड से टक्कर मार दी। इंस्टाग्राम उपयोगकर्ता ने कहा कि अब उन्हें गुरुग्राम महिलाओं के लिए सुरक्षित नहीं लगता।
दिल्ली की रहने वाली सिया ने फैशन डिजाइनिंग का कोर्स किया है और 2022 में कालकाजी से नगर निगम चुनाव भी लड़ा था। उसके पिता रोशन चौहान आम आदमी पार्टी के सदस्य हैं।
सहायक पुलिस आयुक्त (मुख्यालय) जोशी ने कहा, ‘हमने आरोपी की पहचान कर ली है और उसे पकड़ने के लिए तीन विशेष टीम गठित की गई हैं।’
इससे पहले सिया ने बताया था कि रविवार को घटना के समय वह बाइक सवारों के एक समूह के साथ गोल्फ कोर्स रोड पर अपनी अप्रिलिया आरएस 457 स्पोर्ट्स बाइक चला रही थी। उसने आरोप लगाया था कि कार में सवार लोग उसके पास आए और दुर्व्यवहार करने लगे।
सिया ने यह भी दावा किया था कि कार में सवार लोग नशे में प्रतीत हो रहे थे।
बैंसला ने दुर्घटना के लिए अपनी गलती स्वीकार की है, लेकिन जानबूझकर सिया को टक्कर मारने से इनकार किया। उसने कहा कि एक यू-टर्न के पास उसकी कार का नियंत्रण खो गया था।
बैंसला ने कहा, ‘करीब 20 से 22 मोटरसाइकिल सवार मेरे पास से तेज गति से निकले। मुझे पता नहीं था कि उनमें से एक बाइक एक युवती चला रही थी। मैंने उससे और उसके साथ मौजूद युवक से केवल बाइक धीमी करने को कहा था। मैंने उन्हें जानबूझकर टक्कर नहीं मारी।’
उसने कहा, ‘वह शीशे में पीछे देखे बिना मुड़ रही थी। तभी यू-टर्न के पास मैंने कार पर नियंत्रण खो दिया और टक्कर हो गई। यह मेरी गलती थी और मैं इसे स्वीकार करता हूं।’
खुद को अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी बताने वाले जिम संचालक बैंसला ने कहा कि वह इस डर से घटनास्थल से भाग गया कि बाइक सवारों का समूह उसे और उसके परिवार को पीट देगा। विवाद के बाद उसने अपना इंस्टाग्राम अकाउंट भी बंद कर दिया है।
उसने मीडिया से कहा, ‘मैं अपने परिवार के साथ यात्रा कर रहा था। मैंने युवती की ओर कोई इशारा नहीं किया था, मैंने केवल उससे बाइक धीरे चलाने को कहा था। मैं स्वीकार करता हूं कि टक्कर हुई थी। अगर मैं उसी समय रुक जाता तो वे लोग हमें पीट देते।’
बैंसला ने बताया कि वह अपनी बहन और दो अन्य रिश्तेदारों के साथ यात्रा कर रहा था।
भाषा Intern वैभव
वैभव